बड़वानी~TET से राहत हेतु संसद में विधायी पहल की मांग, सांसद से सौजन्य भेंट कर सौंपा ज्ञापन~~

बड़वानी, 19 जुलाई। संसद के मानसून सत्र के प्रारंभ होने के अवसर पर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा, बड़वानी के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद महोदय से सौजन्य भेंट कर पूर्व से कार्यरत शिक्षकों को Teacher Eligibility Test (TET) संबंधी उत्पन्न विधिक जटिलताओं से राहत दिलाने हेतु केंद्र सरकार द्वारा आवश्यक विधायी पहल किए जाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की 23 अगस्त 2010 की अधिसूचना के पैरा 4 एवं 5 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अमान्य किए जाने के बाद देशभर में पूर्व से विधिवत नियुक्त लाखों शिक्षकों के सेवा अधिकारों को लेकर गंभीर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। वर्तमान में TET की ऐसी व्याख्या की जा रही है, जिससे इसका प्रभाव उन शिक्षकों पर भी डाला जा रहा है जो TET लागू होने से पहले विधिसम्मत रूप से नियुक्त हो चुके थे। यह स्थिति प्राकृतिक न्याय एवं स्थापित विधिक सिद्धांतों के विपरीत है।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद महोदय से आग्रह किया कि संसद के वर्तमान मानसून सत्र में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE Act), 2009 की धारा 23(2) में आवश्यक संशोधन हेतु विधेयक अथवा अध्यादेश लाने की पहल की जाए। साथ ही यह स्पष्ट वैधानिक प्रावधान किया जाए कि TET केवल भावी (Prospective) नियुक्तियों पर ही लागू होगा तथा पूर्व से कार्यरत शिक्षकों के सेवा अधिकार पूर्णतः सुरक्षित रहेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि TET का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करना था, न कि वर्षों से कार्यरत शिक्षकों के अधिकारों को प्रभावित करना। इसलिए पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए पृथक एवं न्यायसंगत वैधानिक व्यवस्था किया जाना समय की आवश्यकता है। इससे लाखों शिक्षकों को राहत मिलेगी तथा शिक्षा व्यवस्था की स्थिरता और विश्वसनीयता भी बनी रहेगी।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने अध्यापकों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया में आ रही विभिन्न प्रशासनिक एवं विधिक समस्याओं पर भी सांसद महोदय से विस्तृत चर्चा की तथा शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।
सांसद महोदय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा विषय की संवेदनशीलता को देखते हुए उचित स्तर पर प्रभावी पहल करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा, बड़वानी के हेमेंद्र मालवीय, अशोक कुशवाहा, शैलेन्द्र जाधव, निलेश भावसार, अंजूला राठौड़, अनिता चोयल, लक्ष्मी सोलंकी, धर्मेंद्र भावसार, नारायण चौहान, लोकेश भट्ट, मंजूला चौहान, सुरेश डावर, दिनेश कमल, संतोष बघेल, संतोष कुशवाहा सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।
— जारीकर्ता
अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा, बड़वानी
Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: