बड़वानी ~23/7/26 निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, हरे राम-हरे कृष्ण के जयघोष से गूंजेगा बड़वानी शहर~~
बड़वानी। भगवान श्री जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के अवसर पर आज बड़वानी शहर भक्तिमय माहौल में रंग जाएगा। इस्कॉन बड़वानी एवं सकल हिन्दू समाज के संयुक्त तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ, बलदाऊ (बलभद्र) और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पूरे मार्ग पर "हरे राम... हरे कृष्ण..." और "जय जगन्नाथ" के जयघोष गूंजेंगे।
इस्कॉन बड़वानी के पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान के विग्रह आकर्षक ढंग से सुसज्जित तीन हाइड्रोलिक रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। रथयात्रा में इस्कॉन उज्जैन के धीर गौर प्रभुजी के नेतृत्व में उज्जैन, इंदौर, धार, मनावर और बड़वानी की कीर्तन मंडलियां शामिल होंगी। भक्त पूरे मार्ग में संकीर्तन करते हुए नृत्य और भजन-कीर्तन के साथ भगवान का गुणगान करेंगे।
रथयात्रा योगमाया मंदिर से प्रारंभ होकर भवानी माता मंदिर, झंडा चौक, एमजी रोड, मोटी माता मंदिर, रामदेव बाबा मंदिर, कालिका माता मंदिर, गुरु गोविंद सिंह चौक, जैन मंदिर चौराहा और रानीपुरा होते हुए पुनः योगमाया मंदिर पहुंचेगी, जहां महाआरती के साथ यात्रा का समापन होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
*दुर्गा वाहिनी की मातृशक्ति निभाएगी अहम भूमिका*~~
रथयात्रा में दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजिका जया जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मातृशक्ति शामिल होगी। यात्रा के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की अलग टोली अनुशासन के साथ रथ के साथ चलेगी। दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ता श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रखने, महिलाओं की सुरक्षा, सेवा कार्य, मार्ग व्यवस्था तथा धार्मिक वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। पूरी यात्रा के दौरान जयघोष, भजन-कीर्तन और भगवान जगन्नाथ की आराधना के साथ मातृशक्ति अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएगी।
*जगन्नाथ पुरी से लाई गई हैं भगवान की प्रतिमाएं*~~
रथयात्रा में विराजमान भगवान जगन्नाथ, बलदाऊ और माता सुभद्रा की प्रतिमाएं विशेष दारु (पवित्र लकड़ी) से निर्मित हैं, जिन्हें दो वर्ष पूर्व जगन्नाथ पुरी से बड़वानी लाया गया था। इन प्रतिमाओं का नियमित रूप से विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाता है और रथयात्रा के अवसर पर विशेष श्रृंगार कर नगर भ्रमण कराया जाता है।
*फूलों से सजे आकर्षक रथ होंगे आस्था का केंद्र*~~
रथों को मोगरा, गुलाब, गेंदे के फूल, हरी पत्तियों और रंग-बिरंगे पुष्पों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। बिजली के तारों की ऊंचाई को ध्यान में रखते हुए इस बार भी हाइड्रोलिक रथ का उपयोग किया जाएगा, जिससे आवश्यकता अनुसार रथ की ऊंचाई कम या अधिक की जा सके।
*मार्ग में होगा पुष्पवर्षा से स्वागत*~~
रथयात्रा के पूरे मार्ग पर सकल हिन्दू समाज, विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों तथा व्यापारियों द्वारा स्वागत मंच लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया जाएगा। साथ ही यात्रा में शामिल भक्तों के लिए जगह-जगह शीतल पेयजल, फल और जलपान की व्यवस्था भी रहेगी।
*सुरक्षा और यातायात के रहेंगे विशेष इंतजाम*~~
रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं नगर पालिका द्वारा रथयात्रा मार्ग की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह से सराबोर यह भव्य रथयात्रा आज बड़वानी शहर को पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में रंग देगी। हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

Post A Comment: