बड़वानी~ भगवान जगन्नाथ की निकली भव्य रथयात्रा, हरे राम-हरे कृष्ण के जयघोष से गूंजा शहर*~~
बड़वानी। भगवान श्री जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार को बड़वानी शहर पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंग गया। इस्कॉन बड़वानी एवं सकल हिन्दू समाज के संयुक्त तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ, बलदाऊ (बलभद्र) और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे मार्ग पर "हरे राम... हरे कृष्ण..." तथा "जय जगन्नाथ" के जयघोष गूंजते रहे।
भगवान के विग्रह आकर्षक ढंग से सुसज्जित तीन हाइड्रोलिक रथों पर विराजमान रहे। रथयात्रा में इस्कॉन उज्जैन के धीर गौर प्रभुजी के नेतृत्व में उज्जैन, इंदौर, धार, मनावर और बड़वानी की कीर्तन मंडलियों ने संकीर्तन प्रस्तुत किया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए नृत्य के साथ भगवान का गुणगान करते नजर आए।
रथयात्रा योगमाया मंदिर से प्रारंभ होकर भवानी माता मंदिर, झंडा चौक, एमजी रोड, मोटी माता मंदिर, रामदेव बाबा मंदिर, कालिका माता मंदिर, गुरु गोविंद सिंह चौक, जैन मंदिर चौराहा और रानीपुरा सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर पुनः योगमाया मंदिर पहुंची। यहां महाआरती के साथ यात्रा का समापन हुआ, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया।
दुर्गा वाहिनी की मातृशक्ति रही शामिल~~
दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजिका जया जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मातृशक्ति रथयात्रा में शामिल हुई। महिलाओं और बालिकाओं ने अनुशासित ढंग से रथ के साथ चलते हुए सेवा, व्यवस्था और धार्मिक वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुरी से लाई गई प्रतिमाओं के हुए दर्शन~~
रथयात्रा में विराजमान भगवान जगन्नाथ, बलदाऊ और माता सुभद्रा की विशेष दारु (पवित्र लकड़ी) से निर्मित प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इन प्रतिमाओं को दो वर्ष पूर्व जगन्नाथ पुरी से बड़वानी लाया गया था।
मोगरा, गुलाब, गेंदे और रंग-बिरंगे फूलों से सजे आकर्षक हाइड्रोलिक रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। यात्रा मार्ग पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और नागरिकों ने भगवान की अगवानी करते हुए पुष्पवर्षा की तथा जगह-जगह पेयजल, फल और जलपान की व्यवस्था की।
चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था~~
रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि नगर पालिका ने मार्ग की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर भगवान जगन्नाथ की यह भव्य रथयात्रा पूरे बड़वानी शहर के लिए आस्था और एकता का प्रतीक बन गई। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Post A Comment: