बड़वानी~उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 बड़वानी को मिला 25 हजार का प्रथम पुरस्कार~~


बड़वानी 09 अक्टूबर 2026/सत्र 2025-26 की कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त करने पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, बड़वानी को जनजातीय कार्य विभाग, बड़वानी द्वारा ₹25,000 की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय ने इस वर्ष कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। संस्था में दर्ज कुल 190 विद्यार्थियों में से सभी 190 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत (100 प्रतिशत) रहा। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों के फलस्वरूप संस्था को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ।
विद्यालय के प्राचार्य श्री अनिल मिश्रा ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का श्रेय संस्था के समस्त शिक्षकों की मेहनत, समर्पण एवं मार्गदर्शन तथा विद्यार्थियों की लगन, अनुशासन और निरंतर अध्ययन को दिया। उन्होंने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों को इस शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य श्री मिश्रा ने संस्था को प्रोत्साहित करने तथा उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए सम्मानित करने पर सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, बड़वानी श्रीमती रंजना सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने का संकल्प व्यक्त किया।
Share To:

Post A Comment: