धार~सैम्पलिंग- शादी में जहां खाना खाकर लोग बीमार हुए वहां शेष सामग्री के लिए नमूने~~
खाद्य एवं औषधि विभाग का दल पहुंचा धमाना, किराना सामग्री विक्रेता के यहां भी पहुंची टीम
धार एसडीएम ने देदला में मावा निर्माताओं के यहां की जांच, मावे के सैम्पल लिए~~
ग्राम धमाना में शादी समारोकह में दूषित भोजन खाने से 300 के लगभग लोगों के बीमार होने के बाद जिला प्रशासन चैतन्य हो गया है। घटना के दूसरे दिन कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरजी माऊता एवं अभिहित अधिकारी सचिन लौगरिया ने धमाना पहुंचकर निरीक्षण किया। इधर धार एसडीएम दीपाश्री गुप्ता ने शादी ब्याह के सतत कार्यक्रमों को देखते हुए ऐहतियात के तौर पर मावा निर्माताओं के यहां पर जांच की गई। यहां से मावे की सैम्पलिंग ली गई। जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
रसोई स्थल से सैम्पल लिए
ग्राम धमाना में बुधवार को विवाह समारोह मांगीलाल पिता भूरा पवार के परिवार में था। मांगीलाल के द्वारा मावा रतलाम के मावा व्यापारी सुभाष भंडारी से क्रय करना बताया गया है। विवाह समारोह में बाफले, सूजी मावा शक्कर से बने लड्डू, रायता, तुवर दाल, पापड़ कतरन एवं ग्रेवी बनाई गई थी। मौके पर बचे हुए भोजन में से बाफले, लड्डू, रायता, तुवर दाल, पापड़ कतरन, ग्रेवी एवं भोजन तैयार करने हेतु मौजूद घी के नमूने लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य परिक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
किराना दुकान भी पहुंची टीम
श्री माऊता और श्री लौगरिया को धमाना के बुजुर्ग मांगीलाल ने बताया कि भोजन निर्माण के लिए किराना सामग्री ग्राम मुलथान तहसील बदनावर स्थित रतनलाल जैन पिता अनोखीलाल जैन की दुकान से क्रय की थी। जिसके बाद गुरुवार को टीम ने मुलथान पहुंचकर किराना दुकान से रवा एवं तुअर दाल के नमूने लिए। रतनलाल जैन के लारा जिस हर्ष कुकिंग मीडियम का विक्रय श्री मांगीलाल पिता भूरा पवार को किया गया था वो उसके लारा बदनावर स्थित दीपक मार्केटिंग से क्रय किया है। उक्त जानकारी के आधार पर दीपक मार्केटिंग से हर्ष कुकिंग मीडियम का नमूना जांच हेतु लिया गया है।
एसडीएम ने धार में की कार्रवाई
ऐहतियात के तौर पर अनुविभागीय अधिकारी धार द्वारा ग्राम देदला स्थित मावा निर्माता राकेश पिता बलिराम यादव, अरविंद पिता बलिराम एवं रमेश पिता बलिराम की मावा भट्टियों का निरीक्षण किया। मौके पर पाए गए मावा, मिठाइयां के नमूने जांच हेतु लिए गए। सभी को अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती दीपाश्री गुप्ता ने साफ-सफाई रखे जाने एवं प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों का उपयोग ना करने संबंधी हिदायत दी।


Post A Comment: