धार~घर-घर पहुंचकर कांग्रेस भरवाएगी ‘नारी सम्मान योजना’ के फार्म, 500 में टंकी, 1500 प्रतिमाह मिलेगा~

पूर्व मंत्री व कुक्षी विधायक सुरेन्द्रसिंह बघेल ने ली प्रेस वार्ता, कहा- साल में बहनों को मिलेंगे 18 हजार~~

धार ( डॉ. अशोक शास्त्री ) 


कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में घर-घर जाकर नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाएंगे। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर फार्म भरने वाली महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे। यह करीब 18 हजार रुपए साल होता है। इसके अलावा फार्म भरने वाली महिलाओं को घरेलू गैस की टंकी 500 रुपए में दी जाएगी। इस योजना का शुभारंभ 9 मई मंगलवार को छिंदवाड़ा के परासिया में पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने किया। वहीं प्रदेश के समस्त जिलों में कांग्रेस के नेताओं ने पत्र परिषद् के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार और फायदे बताए। धार में पूर्व मंत्री व कुक्षी विधायक सुरेन्द्रसिंह बघेल ने योजना को लेकर प्रेस के समस्त जानकारी साझा की। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलकिशोर पाटीदार ने कहा कि योजना महिलाओं को आर्थिक मजबूती देगी। कांगे्रस ने हिमाचल प्रदेश में 1500 रुपए महीना देने का चुनाव में वचन दिया था। सरकार बनने के बाद वहां पर महिलाओं को यह लाभ दिया जा रहा है।
साढ़े 3 लाख महिलाएं लक्षित
बस स्टैंड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्र परिषद् में श्री बघेल ने बताया कि जिले में करीब साढ़े 3 लाख महिलाओं को लाभ के लक्ष्य में शामिल किया गया है। यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। श्री बघेल ने बताया कि यह कांग्रेस का वादा नहीं ‘वचन’ है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ चुनाव में ‘घोषणा पत्र’ नहीं वचन पत्र लाते है। उन वचनों को पूरी प्रतिबद्धता से पूर्ण भी करते है। नारी सम्मान योजना महिलाओं को ना सिर्फ आर्थिक रूप से मजबूत करेगी। बल्कि उनके भाजपा सरकार द्वारा घरेलू गैस टंकी को महंगी करके बिगाड़े गए घरेलू बजट को एक आधार प्रदान करेगी। आज 1100 से अधिक राशि में गैस की टंकी आती है। कांग्रेस सरकार इसे 500 रुपए उपलब्ध कराएगी। पूरी योजना महिलाआें को लक्षित करके बनाई गई है। अप्रत्यक्ष रूप से आधे दाम में गैस टंकी मिलने पर पुरुषों की जेब में 8 हजार के लगभग की बचत होगी। योजना को महिलाओं को मिलने वाले 1500 रुपए महीने से जोड़कर देखा जाए तो परिवार में करीब 25 हजार रुपए साल की बचत होगी।
हर घर को सवा लाख की सीधी बचत
जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलकिशोर पाटीदार ने बताया कि कांग्रेस का ब्लॉक, मंडलम्, सेक्टर से लेकर बूथ तक नेटवर्क बना हुआ है। हमारे कार्यकर्ता एक-एक घर जाकर फार्म भरवाएंगे। श्री पाटीदार ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने सभी आयु वर्ग की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की चिंता की। निशुल्क विवाह योजना में राशि 25 हजार से सीधे 51 हजार की थी। वहीं वृद्धा और विधवा पेंशन को दोगुना किया था। 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली देने का वचन भी निभाया। श्री पाटीदार ने कहा कि किसी भी घर का आधार स्तंभ यंू तो पूरा परिवार होता है, किंतु महिलाएं मुख्य भूमिका में होती है। नारी सम्मान योजना से उन्हें 5 साल में करीब सवा लाख रुपए की सीधी बचत होगी।
फार्म का विमोचन किया
पत्र परिषद् में नारी सम्मान योजना के फार्म का जिला स्तरीय विमोचन किया गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी मुजीब कुरैशी, प्रदेश सचिव कुलदीपसिंह बुंदेला, जिला सह प्रभारी राजेश चौधरी, पीसीसी सदस्य कुलदीपसिंह डंग, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीरसिंह छाबड़ा टोनी, युवा कांग्रेस नेता रेवतीरमन राजूखेड़ी मौजूद थे।
Share To:

Post A Comment: