धार~भीषण सड़क हादसा- बस ने बाईक सवार मारी टक्कर, बस भी पलटी~~
बाग-कुक्षी मार्ग पर हुई दुर्घटना, दो युवकों की मौत 1 घायल~~
बाग-कुक्षी रोड पर शुक्रवार दोपहर के समय भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बाइक को सामने से बस ने जोरदार टक्कर मारी थी। जिसके कारण पहले बाइक सवार रोड़ पर दूर जाकर गिरे तथा बस भी असंतुलित होकर रोड पर ही पलट गई। बस में चालक, परिचालक सहित दो सवारी बैठी हुई थी। बस में सवार एक महिला को हाथ में गंभीर चोंट आई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद बाग पुलिस मौके पर पहुंची व यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही घायल व मृतकों के शवों को समीप के शासकीय अस्पताल भेजा गया है। इधर बस रोड पर पलटने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया। जिसके बाद क्रेन की मदद से बस को रोड से हटाया गया।
टक्कर के बाद ड्रायवर संतुलन खो बैठा
जानकारी के अनुसार बाग थाना अंतर्गत पांडव गुफा फाटे के समीप झिरीवाले हनुमान मंदिर मार्ग से बाइक सवार दो युवक मुख्य मार्ग पर आ रहे थे। तभी बाग से कुक्षी की और जा रही मुरलीराज बस से बाइक की सामने टक्कर हो गई। घटना दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की है। जिसमें बाइक क्रमांक एमपी-11 एन-6942 व बस क्रमांक एमपी-04 पीए-3339 की टक्कर हुई। बस का चालक अचानक हुई टक्कर के बाद संतुलन खो बैठा व बस भी रोड पर ही अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि बस एक बारात को छोडकर वापस आ रही थी, इसी बीच रास्ते में दो सवारी मिलने पर चालक ने उन्हें बैठा लिया था। बस में अगर ज्यादा सवारी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में बाइक सवार धनतर उर्फ गुड़िया पिता नाहला भील उम्र 30 साल निवासी ग्राम पाडल्या व सुरेश उर्फ गुडिया पिता लुहान भील उम्र 32 साल निवासी ग्राम झाबा की मौत हुई है। साथ ही बस में सवार पिपलिया (निसरपुर) निवासी सुमनबाई पति शांतिलाल उम्र 55 वर्ष को हाथ में गंभीर चोंट आई है।
मार्ग हुआ अवरूद्ध, क्रेन से बस हटाई
हादसे के दौरान बस रोड पर ही पलट गई थी। यात्रियों को बचाने के बाद पुलिस ने वाहनों की लगी कतार को समाप्त करने के लिए जाम खुलवाया। इसके बाद रोड पर से बस को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई, जिसकी मदद से बस को रोड से हटाया गया। बस पलटने की सूचना पर बडी संख्या में ग्रामीण भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे थे, किंतु बस में ज्यादा सवारी नहीं थी। हादसे की सूचना पर प्रशासनिक अमला भी पहुंचा व मृतकों के परिवार को भी हादसे की सूचना दी गई है। थाना प्रभारी बाग रणजीत सिंह बघेल के अनुसार बाइक सवार मंदिर की और से मुख्य मार्ग पर आ रहे थे तभी बस सामने आने से टक्कर हो गई थी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई हैं। बस में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।


Post A Comment: