धार~त्वरित कार्रवाई: हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस पर हमला करने का प्रकरण भी होगा दर्ज~~
सीएसपी देवेंद्र धुर्वे और टीम ने जान जोखिम में डालकर आरोपी को किया गिरफ्तार~~
पुलिस की गोली से आरोपी भी चोटिल, दोनों और की फायरिंग में कोई भी पुलिसकर्मी चोटिल नहीं~~
बुधवार को शहर में दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी दीपक के खिलाफ हत्या के साथ अब पुिलस पर जानलेवा हमला करने का प्रकरण भी दर्ज हो रहा है। इधर घायल दीपक का पुलिस शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगने वाली है। उल्लेखनीय है कि हत्या के महज 12 घंटों के भीतर धार पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस को फायर भी करना पड़े है जिसमें आरोपी भी पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल हुआ है। घायल को जिला अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। उसके पैर में फ्रैक्चर भी हुआ है।
सरेंडर का बोला तो गोली चलाई
बुधवार सुबह हत्या की घटना के बाद से पुलिस मोबाइल लोकेशन सहित अन्य माध्यमों से आरोपी दीपक को पकड़ने में जुटी हुई थी। मांडव रोड पर रात को साढ़े दस बजे पुलिस को आरोपी के होने की लोकेशन मिली। सीएसपी देवेंद्र धुर्वे ने आरोपी को मोटरसायकल से भागते देखकर रोकने की कोशिश की। उसे चेतावनी दी गई तो उसने रुकने की बजाय पुिलस वाहन पर फायर कर दिया। आरोपी की गोली सीएसपी के वाहन के कांच से टकराई थी। करीब दो बार गोली आरोपी द्वारा चलाने की जानकारी सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने भी जवाबी गोली चलाई। एक गोली आरोपी के पेंट में लगी, दूसरी उसके पैर में लगी है। इधर मोटरसायकल के गिरने से आरोपी चोटिल भी हुआ है। हिरासत में लेने के बाद उसे सबसे पहले जिला अस्पताल लाया गया ताकि उसकी जान को कोई नुकसान न हो।
एसपी पहुंचे घटनास्थल
देर रात करीब साढ़े 10 बजे मुठभेड़ की घटना के बाद एसपी मनोज सिंह व एसएसपी देवेंद्र पाटीदार घटनास्थल पर पहुंचे। जहां पर आरोपी की दुर्घटनाग्रस्त मोटरसायकल सहित गोलियों के खोल एवं घटना की तफ्तीश की गई। अच्छी बात यह रही किआरोपी के फायर के दौरान कोई पुिलसकर्मी घायल नहीं हुआ है।
दो पिस्टल मिलें
आरोपी दीपक के पास से पुलिस को दो पिस्टल जब्त हुए हैं। वारदात और पिस्टल लाने से लेकर अन्य मामलों को लेकर आरोपी से पूछताछ की जाना है। फिलहाल वह उपचाररत है। जिला अस्पताल में आरोपी की निगरानी के लिए पुलिस तैनात की गई है। आरोपी का शुक्रवार से पुलिस रिमांड आवेदन किया जाएगा। जिसके बाद हथियार खरीदने से लेकर वारदात की पूरी कहानी सामने आएगी।
क्षेत्र में मातम
बुधवार को मृतिका का पोस्टमार्टम किया गया। इधर आरोपी के टूटे आशियाने पर झांकने के लिए कोई भी पड़ोसी नहीं आया है। आरोपी का भाई मनीष भी अपने टूटे घर को देखने नहीं पहुंचा है। क्षेत्र में सन्नाटा है और हर कोई घटना को लेकर हतप्रभ है। बसंत विहार कालोनी जहां पर आरोपी ने गोली मारकर हत्या की थी वहां के रहवासियों में दिनभर घटना को लेकर चर्चा होती रही। एसपी मनोज सिंह ने मुठभेड़ सहित आरोपी को हिरसात में लेने की पुष्टि की है। वहीं यह भी कहा है कि महिलाओं पर अत्याचार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इस प्रकरण की विवेचना में पुख्ता साक्षियों को कोर्ट के समक्ष रखेगी ताकि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।



Post A Comment: