धार~टूटी मुंडेर के कुएं में गिरी गाय, इधर कुआें पर किए अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी  ~~

जेसीबी की मदद से जीवित अवस्था में गाय को निकाला बाहर, कुछ माह पूर्व दो सांड भी गिर चुके है इसी कुएं में~~

धार ( डाॅ. अशोक शास्त्री )। 

इंदौर हादसे के बाद गृह मंत्रालय के आदेश पर धार में कुएं-बावड़ियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के नोटिस जारी किए गए है। वहीं शहर के खुले कुएं-बावड़ियों को जाली, तार फेंसिंग से सुरक्षित करने के निर्देश भी जारी किए गए थे। मंत्रालय के आदेश के परिपेक्ष्य में नगरपालिका ने तुरत-फुरत करीब दो दर्जन से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए थे। इधर खुले कुएं-बावड़ियों की फेंसिंग में लेटलतीफी कर दी गई। नतीजे में शुक्रवार को गंजीखाना क्षेत्र में टूटी मुंडेर के खुले कुएं में एक गाय गिर गई। नगरपालिका से जेसीबी बुलवाई गई। एक कर्मी रस्सी बांधकर नीचे उतरा और गाय को रस्सी से बांधा। इसके बाद उसे खींचकर बाहर निकाला गया। गाय के जीवित अवस्था में बाहर निकलते ही लोगों ने तालियां बजाई और गौ माता की जय के नारे लगाए। इस घटना ने एक बार फिर से असुरक्षित जल संसाधनों की सुरक्षा को पुख्ता करने का संदेश दिया है।
अच्छी बात यह रही पानी कम था
गंजीखाने के जिस कुएं में शुक्रवार दोपहर को गाय गिरी है। वहां पर पूर्व में कुएं पर जाली लगी थी। दो सांडों के आपस में झगड़े के बाद सांड जाली सहित कुएं में जा गिरे थे। इन्हें भी बाहर निकाला गया था। जिस क्षेत्र में यह कुआं है वहां पर आए दिन विवाद होते रहते है। भविष्य में बगैर मुंडेर का यह कुआं किसी अपराधिक कांड का साक्षी ना बजाए। इसके पूर्व इसे सुरक्षित करना जरूरी है, क्योंकि लंबे समय पहले यहां पर एक व्यक्ति की भी मौत हो चुकी है। इधर गाय के गिरने के बाद जीवित कुएं में पानी कम होना अच्छी बात रही। दरअसल कुएं में पानी तो था, लेकिन काफी नीच था और गंदगी से कुआं पटा था। पानी कम होने के कारण अंदर की पथरीली संरचना में गाय ने खुद को पानी से निकालकर सुरक्षित किया। इसके बाद कर्मी ने जब रस्सियां डालकर बांधने की कोशिश की तो गाय ने भी स्थितियों को समझते हुए बगैर हलचल रस्सी बांधने दी।
दो कुएं से हटा अतिक्रमण
शहर में 7 कुओं को विशेष रूप से चिह्नित किया गया है। इन्हें कारण बताओं और अतिक्रमण हटाओं सूचना पत्र भी जारी किए गए है। प्रथम नोटिस के बाद रोकड़िया हनुमान मंदिर के कुएं के पास का अतिक्रमण हटा लिया गया है। इसके साथ कुम्हार गड्ढा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया है। शेष 5 लोगों को द्वितीय व अंतिम सूचना पत्र जारी किए गए है। इस अवधि में उनके द्वारा अपना अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो निकाय तोड़ने की कार्रवाई करेगा।
इनका कहना है
नगरपालिका ने गुरुवार से शासकीय कुएं-बावड़ियों की फेंसिंग करके सुरक्षित करने का काम शुरु कर दिया है। गंजीखाना क्षेत्र में गाय गिरने की घटना की जानकारी नहीं है। सुबह सबसे पहले उस कुएं को दिखवाते है और वहां पर सुरक्षा के लिए जो भी किया जा सकता है, उसे करवाया जाएगा।
संजय मराठे, एई नगरपालिका धार
Share To:

Post A Comment: