धार~धार्मिक समरसता- प्रकरण दर्ज होने के बाद आगे से विवाद ना होने देने का पुलिस से किया वादा~~
मामला ईद के दिन शास्त्री कॉलोनी में दो समुदाय के युवकों के मध्य मामूली बात पर हुई पत्थरबाजी का
दोनों पक्ष के लोगों ने कहा हमारे बच्चे बेगुनाह, हम आपस में समझौता कर लेंगे~~
पत्थरबाजी के मामले में दोनों समुदाय के लोगों पर बलवा सहित कई धाराओं में प्रकरण दर्ज होने के बाद धार्मिक समरसता दिखाई दी। झगड़े में फंसे युवाओं के परिजन अपने बच्चों को बेगुनाह बता रहे हैं। वहीं जनप्रतिनिधि आगे से क्षेत्र में विवाद ना होने देने की दलील दे रहे है। कुछ ऐसा नजारा मंगलवार को दिखाई दिया। कोतवाली थाने पर हिन्दू और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोगों ने कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के जनप्रतिनिधियों के साथ पहुंचकर सीएसपी देवेन्द्र धुर्वे और थाना प्रभारी दीपकसिंह चौहान से मुलाकात की। लोगों ने कहा कि हम सब काम-धंधे वाले लोग है। आपस में कोई विवाद नहीं है। द्वेषता में हमारे बच्चों के नाम लिखाए गए है। कुछ ने कहा कि विवाद देखने के दौरान झूठा नाम लिखा दिया गया। हम सब आपस में समझौता चाहते है। पुलिस हमारी मदद करें। बच्चे जेल में बंद है।
ेहम चले जाएंगे, शहर आपका है
ेमंगलवार शाम को कोतवाली थाने पर करीब 30 से 40 महिला पुरुष और बच्चे अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे। इनके साथ पूर्व पार्षद भरत प्रजापत, पार्षद प्रतिनिधि कांग्रेस नेता लियाकत पटेल, पूर्व पार्षद अजय फकीरा, पूर्व सदर सद्दाम भी मौजूद थे। सीएसपी श्री धुर्वे ने कहा कि हमने किसी को यूं ही पकड़कर बंद नहीं किया है। पीड़ितों ने जिस-जिस के नाम बताए हमने वहीं दर्ज किए है। सभी लोग यदि मिलकर रहना चाहते है तो यह अच्छी बात है। हम अधिकारी है हमारा आज नहीं तो कल स्थानांतरण हो जाएगा। शहर को कैसा बनाना है, कैसा रखना है यह आपको तय करना है। सीएसपी ने आश्वस्त किया है कि वह जो भी बेहतर हो सकता है उसके लिए सहयोग करेंगे।
सीसी टीवी कैमरे लगाएंगे
कोतवाली थाने पर पुलिस अधिकारियों से चर्चा के दौरान लोगों ने बताया कि एक स्थान पर जुआ-सट्टा अवैध धंधे होते है। यहीं विवाद की जड़ है। सीएसपी ने कहा कि आप लोग आवेदन लिखकर दो हम कार्रवाई करेंगे। इसके साथ उन्होंने विवाद वाले स्थल पर कैमरे लगाने के लिए भी लोगों से कहा। उन्होंने कहा कि यहां पर पूर्व में भी विवाद हो चुके है। कैमरे लगे रहेंगे तो सबके लिए अच्छा रहेगा। गड़बड़ी करने वालों की निगरानी होगी। पूर्व पार्षद श्री प्रजापत ने आश्वस्त किया कि जल्द ही कैमरे लगवा दिए जाएंगे।
एसपी कार्यालय भी पहुंचे थे
थाने पहुंचे लोगों ने सीएसपी से कहा कि आपके सामने हमने पूरी बात रख दी है। आप हमारी अच्छी रिपोर्ट बनाकर पेश करना। हम एसपी कार्यालय गए थे। साहब ने कहा कि सीएसपी साहब जो ग्राउंड रिपोर्ट बनाकर देंगे उसके आधार पर निर्णय लूंगा। लोगों मांग की कि अब और नए लोगों को आरोपित नहीं किया जाए।


Post A Comment: