धार~ढर्रा सुधारने की कवायद में विवाद, सफाई अमला हुआ सीएमओ के खिलाफ~~

थाने पर सफाई मित्रों ने नपा अधिकारी पर कार्रवाई के लिए सौंपा आवेदन ~~

धार ( डाॅ. अशोक शास्त्री )। 

कड़क मिजाजी और अनुशासित रवैये के लिए चर्चित धार नगरपालिका सीएमओ निशिकांत शुक्ला को लेकर सफाई अमला खिलाफ हो गया है। बुधवार को सीएमओ पर मॉर्निंग फॉलोअप के दौरान कर्मियों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप को लेकर कर्मचारियों ने थाने पर एक शिकायती आवेदन सौंपा है। जिसमें कार्रवाई की मांग की गई है। नगरपालिका में अधिकारियों और सफाई अमले के मध्य इस खींचतान को स्वच्छता सर्वेक्षण में धार को नंबर-1 बनाने के प्रेशर के तौर पर भी देखा जा रहा है। कर्मचारियों को कमियों पर उनकी सख्ती का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर कर्मचारियों में नाराजगी है। 
बात करने की कोशिश बेअसर 
बुधवार को शहर के कोतवाली थाने पर 10 लाईन का एक संक्षिप्त आवेदन सफाई कर्मियों द्वारा सामूहिक हस्ताक्षर के माध्यम से सौंपा गया। इसमें 7 फरवरी की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि वेतन की बात करने के दौरान उन्हें अपमानित किया गया है। मॉर्निंग राउंड में भी अपमानित किया जा रहा है। इधर आवेदन सौंपने के पूर्व नपा की और से कुछ कर्मियों ने कोतवाली पहुंचकर परिसर में एकत्रित सफाई मित्रों से सुलह को लेकर बात करने की कोशिश की, उन्हें सीएमओ निशिकांत शुक्ला का संदेश भी दिया गया कि 5 बजे कार्यालय में बैठकर बात करेंगे। किसको कब कहां क्या बोला गया है इसको स्पष्ट करेंगे। हालांकि सुलह टीम को सफाई अमले ने लौटा दिया। उन्होंने कहा कि आवेदन देने के बाद ही बात करेंगे। 
सफाई पर नेता खड़े कर चुके है सवाल 
नगरपालिका सीएमओ निशिकांत शुक्ला के काम को लेकर अनुशासित रवैये से सफाई अमला ही नहीं अन्य कर्मी भी परेशान है। नगरपालिका में ढर्रा सुधारने की कोशिश में दिक्कतें खड़ी हो रही है। इसका नतीजा सफाई मित्रों के प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि लंबे समय से जनप्रतिनिधि भी सफाई व्यवस्था को लेकर बैठकों में सवाल उठाते आ रहे हैं। इसमें सफाई के दौरान कर्मियों के गायब रहने जैसी शिकायतें भी शामिल है। इसके चलते सीएमओ सुबह स्वच्छता कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। लापरवाही दिखने पर सख्ती से फटकार लगा रहे हैं। इसी फटकार में अभद्र भाषा के उपयोग का आरोप लगा है। 
बायोमेट्रिक अटेंडेंस से निगरानी 
नगरपालिका में खींचतान का एक और मुख्य कारण बायोमेट्रिक अटेंडेंस से कर्मचारियों की उपस्थिति निगरानी प्रक्रिया शुरु करने को भी माना जा रहा है। इसमें समय पर आने से लेकर समय से जाने तक की इंट्री दर्ज होगी। इसमें कर्मियों का डाटा भी संकलित किया जा रहा है। इस तरह की उपस्थिति प्रक्रिया शुरु होने के पहले नपा के गलियारे में इसको लेकर नाराजगी देखी जा रही है। इधर सीएम हेल्पलाईन में सफाई से जुड़ी शिकायतों ने भी नगरपालिका को कटघरे में खड़ा कर रखा है। इसके कारण सीएमओ ने व्यवस्था की निगरानी सख्त कर दी है। 
आऊटसोर्स और नियमित हुए साथ 
कोतवाली पर प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी एकता जिंदाबाद के नारे भी लगे। यूनियन के अध्यक्ष हुसैन भाई भी कर्मचारियों के साथ खड़े रहे। इधर नियमित कर्मचारियों के साथ आऊटसोर्स पर कार्यरत सफाईकर्मी भी मौजूद थे। कर्मचारियों का आवेदन पुलिस ने जांच में ले लिया है। 
इनका कहना है 
आरोप निराधार है। कहीं कुछ गलत फहमी हुई है। नगरपालिका नागरिकों को प्रदत्त की जाने वाली सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू और पुख्ता तरीके से चलाने के लिए प्रतिबद्ध है। अनुशासन का पालन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। 
निशिकांत शुक्ला, सीएमओ नपा धार 

Share To:

Post A Comment: