धार~शुरु हुआ गाईड्स का प्रशिक्षण, जी-20 सदस्यों को बताएंगे मांडू का इतिहास ~~
प्रस्तुतिकरण इंग्लिश में बेहतर संवाद के लिए कार्यशाला, गाईड्स को पहचान पत्र भी मिलेंगे ~~
मप्र टूरिज्म बोर्ड पर्यटन नगरी मांडू में गाईड्स की कार्यशाला आयोजित करके उन्हें और दक्ष बनाने में लगा है। बुधवार से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत भी हो गई है। कार्यशाला मुख्य रूप से जी-20 के सदस्यों के मांडू आगमन के मद्देनजर की जा रही है। इस दौरान समूह सदस्यों को मांडू के इतिहास के बारे में भी बताया जाएगा। अंग्रेजी भाषा में बेहतर तरीके से संवाद अदायगी और अन्य विषयों को लेकर कार्यशाला आयोजित की जा रही है। गाईड्स को अब पहचान पत्र भी दिए जा रहे हैं। क्षेत्र में इक्का-दुक्का गाईड्स है जो बेहतर तरीके से वैश्विक भाषा के रूप में उपयोग आने वाली अंग्रेजी को आम भाषा की तरह सरल तरीके से प्रस्तुत करते है। सभी गाईड्स प्रस्तुतिकरण से बेहतर जानकारी उपलब्ध कर सके इसलिए प्रशिक्षण की कवायद शुरु हुई है। कार्यशाला का शुभारंभ एसडीएम रोशनी पाटीदार ने किया। इस दौरान पर्यटन मामलों के सलाहकार ओपी मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
गाला डिनर भी होगा
जी-20 सदस्यों का 14 फरवरी को इंदौर में कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके पश्चात सदस्य प्रदेश के 14 प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल मांडू में भ्रमण के लिए आएंगे। आगमन के मद्देनजर गाला डिनर की व्यवस्थाएं भी की जा रही है। इसमें अंतरराष्ट्रीय व्यंजन परोसे जाएंगे। इधर विदेशी अतिथियों के आगमन के पूर्व मांडू का कायाकल्प किया जा रहा है। बुनियादी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। मेहमानों का आगमन 13 से 15 फरवरी के मध्य प्रस्तावित है जिसमें 14 फरवरी को तय तिथि माना जा रहा है। इसके बाद जून और जुलाई के मध्य भी मेहमान मांडू आएंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी
जी-20 सदस्यों के आगमन के मद्देनजर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित एसपी आदित्य प्रतापसिंह सहित अधिकारियों ने क्षेत्र में पूर्व में दौरा करके तैयारियों को समझा है। इधर बुधवार को विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंधक निदेशक अमित तोमर ने मांडू पहुंचकर लार्इंट एंड साऊंड शो सहित पर्यटन स्थल पर बिजली व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय विविकं अधिकारी भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी को अतिथि जहाज महल में भ्रमण करेंगे। शाम को लाईट एंड साऊंड शो देखेंगे। नाहर झरोखा चंपाबावड़ी क्षेत्र में गाला डिनर की व्यवस्था रखी जा रही है।


Post A Comment: