बड़वानी~इलेक्ट्रानिक सामग्री की भी हो सकेगी घर पहुंच सेवा~
बड़वानी /टोटल लाॅक डाउन के मद्देनजर विभिन्न आवश्यक वस्तुओं की घर पहुंच सेवा में अब इलेक्ट्रानिक उपकरणों जैसे पंखा, कुलर, एसी सामग्री को भी सम्मिलित किया गया है। अब दुकानदार मोबाइल, वाटसएप पर प्राप्त क्रय आर्डर पर उक्त सामग्री को घर पहुंच उपलब्ध करवा सकेंगे । किन्तु किसी भी स्थिति में दुकान ओपन नही कर सकेंगे । वही कंटेनमेंट क्षेत्र में स्थित दुकानो के लिये संबंधित एसडीएम द्वारा लिये गये निर्णय ही लागू होंगे । घर पहुंच सेवा के दौरान सोशल डिस्टेंस के नियम एवं मुंह पर मास्क लगाना अनिवार्य होगा ।
क्षेत्रीय सांसद श्री गजेन्द्रसिंह पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को हुई डिस्ट्रिक मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में उक्त निर्णय किया गया । बैठक के दौरान तय किया गया कि छोटे किसानों एवं छोटे व्यापारियों को लाॅक डाउन के दौरान सौदा चिठ्ठी के आधार पर क्रय - विक्रय करने हेतु मण्डियों में निलामी प्रारंभ करवाई जाये। इसका निर्णय संबंधित एसडीएम, विभिन्न स्थानो की मण्डियों में पंजीकृत व्यापारियों की बैठक लेकर अपने क्षेत्र की परिस्थिति अनुसार निर्णय ले सकेंगे। जिससे खेतिया, पलसूद, पाटी जैसे क्षेत्र के किसानों एवं व्यापारियों को भी सहुलियत मिल सके ।
बैठक के दौरान तय किया गया कि जिले के छोटे कस्बे जैसे पलसूद, निवाली सहित अन्य स्थानों पर भी किराना दुकानों को 2 घण्टे खुलने की सहुलियत प्रदान की जाये, यह समय कौन सा होगा, इसका भी निर्धारण संबंधित एसडीएम अपने क्षेत्र की स्थिति एवं परिस्थिति के मद्देनजर निर्धारित करेंगे ।
बैठक के दौरान तय किया गया कि जिले की हो रही बेहतर स्थिति के मद्देनजर प्रायवेट चिकित्सालयो के संचालनकर्ताओं से भी आव्हान किया जाये कि वे अपने संस्थानों को प्रारंभ कर ओपीडी एवं अन्य सुविधाऐ रहवासियो को उपलब्ध कराये । जिससे लोगो को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाए मिलती रहे ।
बैठक के दौरान सांसद श्री गजेन्द्रसिंह पटेल ने बताया कि वे कोरोना वायरस की रोकथाम हेतु अपनी निधि से 10 लाख की राशि जिला चिकित्सालय को उपलब्ध करायेंगे । अतः किस सामग्री की आवश्यकता है, इसको सूचीबद्ध कर उन्हें बताया जाये, जिससे वे उक्त राशि दे सके ।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री अमित तोमर ने बताया कि उचित मूल्य की दुकानों पर 1 - 1 अधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है, जिससे वे अपने समक्ष हितग्राहियों को बिना अंगुठा लगवाये राशन का वितरण करवा सके । बैठक के दौरान स्पष्ट किया गया कि राशन प्राप्त करने के लिये समग्र आईडी में नाम दर्ज होना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही कलेक्टर ने बताया कि कोरोना वायरस के मद्देनजर अब ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य केन्द्रो पर भी आने वाले रोगियों में सर्दी, जुखाम, खाॅसी, बुखार से पीड़ित व्यक्ति का सेम्पल कोरोना वायरस के मद्देनजर लेकर जाॅच हेतु भेजा जायेगा । सेम्पल किसके लिये जायेंगे इसका निर्धारण उस केन्द्र में पदस्थ डाक्टर, निर्धारित मानको के अनुसार करेंगे ।
बैठक में सांसद श्री गजेन्द्रसिंह पटेल, कलेक्टर श्री अमित तोमर, पुलिस अधीक्षक श्री डीआर तेनीवार, जिला पंचायत सीईओ श्री मनोज सरियाम, अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. बीएस सैत्या, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री बीके कोष्ठा, अशासकीय सदस्य डाॅ. जगदीश यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे ।

Post A Comment: