बड़वानी ~सुसारी में गश्त कर रहे युवकों को इक्को वाहन ने मारी टक्कर, 16 वर्षीय योगेश की मौत~~
मनोरमा हॉस्पिटल पर लापरवाही और बदसलूकी के आरोप~~
बड़वानी। कुक्षी क्षेत्र के सुसारी गांव में रात के समय गश्त कर रहे युवकों को एक तेज रफ्तार इक्को वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले कुक्षी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बड़वानी के मनोरमा हॉस्पिटल रेफर किया गया। इनमें से गंभीर घायल 16 वर्षीय योगेश पिता रघुवीर की इंदौर ले जाते समय मौत हो गई, जबकि चार युवक अभी भी उपचाररत हैं।
सुसारी निवासी ब्रजेश रोणे ने बताया कि गांव के युवक रात में गश्त कर वापस लौट रहे थे। सभी सड़क किनारे चल रहे थे, तभी पीछे से आई इक्को गाड़ी ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसे में पांच युवक गंभीर घायल हुए। घायलों में दो सचिन, एक संतोष और एक विजय शामिल हैं, जिनकी उम्र करीब 21 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। वहीं योगेश की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष थी। मामले की एमएलसी कुक्षी थाने में की गई है।
घटना के बाद परिजनों ने मनोरमा हॉस्पिटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ब्रजेश रोणे का कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद काफी देर तक घायलों का उपचार शुरू नहीं किया गया। परिजनों द्वारा मरीजों की स्थिति को लेकर जानकारी मांगने पर अस्पताल स्टाफ और डॉक्टरों का रवैया भी ठीक नहीं था। उनका आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने परिजनों से कहा कि “हमें सब पता है, डॉक्टर हम हैं आप नहीं।”
परिजनों का कहना है कि गंभीर स्थिति में मरीजों और उनके परिवार को संवेदनशील व्यवहार की जरूरत होती है, लेकिन अस्पताल में उल्टा बदसलूकी और लापरवाही देखने को मिली। आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने मीडिया कर्मियों और घायल युवकों के साथ आए लोगों से भी अभद्र व्यवहार किया।
मामले में अस्पताल प्रशासन मीडिया से दूरी बनाता नजर आया। पत्रकारों ने अस्पताल प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों से पक्ष जानने की कोशिश की, लेकिन कोई भी कैमरे के सामने बयान देने को तैयार नहीं हुआ। मीडिया के सवालों से बचते हुए अस्पताल प्रशासन ने मामले पर खुलकर प्रतिक्रिया नहीं दी।

Post A Comment: