बड़वानी~सेवा स्वावलंबन एवं स्वाभिमान का संगम है आशाग्राम -जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कोठे~~



बड़वानी /एक कदम उजाले की ओर ध्येय वाक्य के साथ तीन दशक पूर्व बने आशाग्राम ट्रस्ट ने कुष्ठ अंतःवासियों को सदैव स्वावलंबन का जीवन प्रदान कर स्वाभिमान से जीने का अवसर प्रदान किया है । उक्त बातें जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री रामेश्वर कोठे ने आशाग्राम ट्रस्ट में आयोजित विधिक सेवा सह सामाजिक सरोकार शिविर के दौरान कही। उन्होंने कहा उद्देश्य यदि नेक भावना के साथ निर्मित होते हैं तो परिणाम भी उत्कृष्ट प्राप्त होते हैं। इसी का परिणाम है कि आज ट्रस्ट के अंतःवासी स्वयं के सार्मथ्य से विभिन्न कार्यों में संलग्न हैं वहीं परिवार के लोग भी मेहनत कर रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। इस दौरान जिला न्यायाधीश श्री कोठे ने ट्रस्ट के सेवा प्रकल्पों का अवलोकन कर जहां कुष्ठ अंतःवासी बुनकरों से भेंट कर उनके हस्त कौशल की सराहना की वहीं उत्पाद भी क्रय कर उन्हें प्रोत्साहित किया। 
श्री कोठे ने जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र पर विशेषज्ञों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विशेष बालक दीपांजल एवं अवनीश को दी जा रही थैरेपी की जानकारी ली तथा स्पीच थैरेपी के लिए केंद्र पर आए कोकलियर इंप्लांट के बालक मास्टर देवस्य से हाथ मिला कर कुशल क्षेम जानी ।
शिविर में आशाग्राम पहाड़ी को हरा-भरा बनाने में योगदान देने वाले वृक्ष मित्र श्री अमित भावरे को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया । वहीं आशा इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग की सर्वोच्च अंक एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति वाली छात्राओं को भी अतिथियों के द्वारा शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया। विशेष न्यायाधीश श्री दिनेशचंद्र थपलियाल ने आशाग्राम को आशा का केंद्र बताकर पहाड़ी पर विराजे हनुमान जी को संपूर्ण बड़वानी को आशा देने आशा देने वाली प्रतिमा बताया ।  ट्रस्ट के सचिव डॉक्टर शिवनारायण यादव ने आशाग्राम ट्रस्ट के प्रकल्पों की जानकारी देकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के शिविरों में सहभागिता सहयोग देने की बात कही । कार्यक्रम का संचालन आशा इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग के श्री अभय सावनेर ने किया तथा आभार ट्रस्ट के जनसंपर्क अधिकारी श्री सचिन दुबे ने माना। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एडीजे हेमंत जोशी, किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान न्यायाधीश सुश्री रश्मि मंडलोई, न्यायाधीश श्री राहुल सोनी, सुश्री इकरा मिनहास, ट्रस्ट के डॉक्टर आर सी चोयल, श्री मणीराम नायडू, श्री मनीष पाटीदार, श्रीमती नीता दुबे, डॉ. दीपक शर्मा आदि उपस्थित थे।


Share To:

Post A Comment: