बड़वानी~~शासकीय डॉक्टर को घर पर प्राइवेट प्रैक्टिस करने पर मिला शोकाज नोटिस~~
बड़वानी / कलेक्टर श्री तेजस्वी एस नायक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोगवाडा के डॉक्टर संजय भाभर को अपने घर पर प्राइवेट प्रैक्टिस करने पर शोकाज नोटिस जारी कर अपने समक्ष उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। तीन दिन में स्वयं उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत ना करने पर एक पक्षीय निर्णय लेकर कार्रवाई करने की चेतावनी भी संबंधित को दी गई है । साथ ही कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी परिपत्र भेजकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोगवाड़ा की नियमित ओपीडी की स्थिति, ग्रामवासियों से चर्चा कर उनके बयान तथा यहां पदस्थ डॉक्टर के स्थापना से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं ।
ज्ञातव्य है कि शासकीय डॉक्टरों द्वारा अपने घर पर प्राइवेट प्रैक्टिस करने की शिकायत पर एसडीएम पानसेमल श्री बी एस क्लेश ने कलेक्टर के निर्देश पर 26 अप्रैल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोगवाड़ा का औचक निरीक्षण किया था । इस दौरान डॉक्टर भाभर के निवास पर उन्होंने मरीजों को प्रतीक्षारत पाया था। इस पर उन्होंने कलेक्टर को अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था । जिस पर से कलेक्टर ने संबंधित डॉक्टर को शोकाज नोटिस जारी कर जवाब चाहा है।
कलेक्टर तेजस्वी एस नायक ने जिले में पदस्थ समस्त चिकित्सकों को निर्देशित किया कि वे मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का पूरी तरह पालन करें । अन्यथा की स्थिति में दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Post A Comment: