धार~हिमालय व डेटॉल जैसी ब्रांडेड कंपनियों के नाम का किया जा रहा था उपयोग~~
नकली लेबल व स्टीकर लगाकर बॉटले की जा रही थी तैयार~~
कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज ~~
धार~( डॉ. अशोक शास्त्री )
धार। हिमालय, डेटॉल जैसी ब्रांडेड कंपनियों के प्रोडक्ट को नकली लेबल स्टीकर शीट लगाकर बॉटलों को बेचने वाले के खिलाफ कोतवाली पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही की गई है। पुलिस को कंपनी के अधिकारियों की और से सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद कोतवाली की एक टीम शहर की मांडू रोड स्थित कॉलोनी में स्थित एक मकान पर पहुंची। जहां पर कंपनी के अधिकारियों ने ही मौके पर जांच कर पुलिस को बताया कि उक्त लेबल शीट सहित बॉटल नकली हैं, इस तरह की शीट का उपयोग ब्रांडेड कंपनियों द्वारा नहीं किया जाता है। ऐसे में पुलिस कमरे में मिली खाली बॉटल सहित स्टीकर की शीटे लेकर कल देर रात में थाने पर आई, यहां पर पुलिस ने आरोपी अमित राय उम्र 24 साल के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। अब आगे की जांच पुलिस टीम कर रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली थाना अंतर्गत सुंदरवन कॉलोनी में स्थित एक घर के अंदर स्टीकर लगाकर नकली बाटले तैयार करने का कामकाज चल रहा था, ब्रांडेड कंपनियों की तरह दिखने वाली इन बाटलों में क्रीम सहित लिक्विड भरकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेचा जाता था। ब्रांडेड कंपनियों के प्रोडक्ट काफी महंगे होते है, किंतु नकली प्रोडक्ट तैयार करने वाले लोग कंपनी के स्टीकरों का उपयोग करके लोगों को सस्ते में ही सामान उपलब्ध करवाते थे। कंपनी के लोग ही इस प्रकार का काम करने वाले लोगों के खिलाफ निगरानी रखते हैं, शहर में इस प्रकार बॉटलों का निर्माण होने की शिकायत पीयूष साहू नाम के अधिकारी द्वारा कल थाने पर की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज कुमार सिंह के निर्देशन व सीएसपी रविंद्र वास्कले के मार्गदर्शन में शुरु की गई। इसके बाद ही उक्त कमरे पर पुलिस टीम ने दबिश दी थी।
इन कंपनियों की बॉटलें व लेबल मिले
कमरे की जांच के दौरान कोतवाली पुलिस को बोरियों व खाकी रंग के कार्टून में कई कंपनियों की बॉटले व लेबल मिले थे। जांच अधिकारी पीयूष साहु ने पुलिस को बताया कि डेटॉल कंपनी की 100 एमएल की हुबहू दिखने वाली 1455 बाटल व 1352 लेबल शीट, एलकम ए टु जेड कंपनी की 200 एमएल की 1235 बाटल व 1270 स्टीकर शीट, हिमालया लीव 52 कंपनी 200 एमएल की कुल 1180 बाटल व 1158 लेबल शीट, 09 सेवलोन 200 एमएल की 1090 प्लास्टिक की बाटल व 1380 लेबल जांच के बाद नकली मिली है। पुलिस ने सभी सामान को जप्त कर लिया है। थाना प्रभारी कमलेश शर्मा के अनुसार कंपनियों की और से एक शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ था, इसी आधार पर एक टीम मौके पर पहुंची थी। कंपनी के जांच अधिकारी ने ही प्लास्टिक की बाटले, स्टीकर शीट सहित लेबल नकली होना बताया है। जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही शुरु कर दी है।
---------------


Post A Comment: