धार~किसानों को खाद के लिए आ रही दिक्कतों को लेकर किसान संघ ने की अधिकारियों से चर्चा~

धार~( डॉ. अशोक शास्त्री )


धार। गेंहू फसल की बोवनी के बाद अब किसानों को सबसे अधिक यूरिया खाद की जरुरत हैं अधिकारियों के तमाम प्रयासों के बावजूद जिले में यूरिया खाद की किल्लत है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान सुबह से सोसायटियों के बाहर नंबर लगाकर बैठे हैं, इसके बावजूद देर शाम तक उन्हें खाद नहीं मिल रहा है। जिन गांवों में खाद वितरण को लेकर टोकन दिए जा रहे हैं, उन क्षेत्रों में टोकन वाले दिन खाद ही सोसायटी में नहीं होता है। ऐसे में किसान को दो बोरी खादी के लिए भी पांच से सात दिनों तक भटकना पड रहा है। किसानों को सिंचाई के बाद अब सबसे अधिक खाद की आवश्यकता है। ऐसे में किसानों की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ का एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को कृषि विस्तार अधिकारी से मिला। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने चर्चा के दौरान कई गांवों का उदाहरण देते हुए खाद नहीं होने की बात कही।  
अधिकारियों से हुई चर्चा के दौरान किसानों को जल्द ही खाद उपलब्ध करवाने का आश्वासन किसान संघ को मिला है। साथ में ही फसलों को लेकर हुए बीमों की राशि को लेकर भी चर्चा की गई। साथ ही जिन किसानों की राशि आई हैं, उनकी भी लिस्ट मांगी गई तथा जो किसान छूट गए हैं उन्हें जल्द से जल्द बीमा दिलाए जाने की मांग रखी गई है। अधिकारियों से हुई चर्चा के दौरान संघ के राजेंद्र शर्मा, महेश ठाकुर, हरीश पटेल, यशवंत मुकाती, लक्ष्मण सिंह ठाकुर, अमोल पाटीदार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Share To:

Post A Comment: