धार~ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
चालक को घसीटते हुए ले गया ट्रक~~
लोगों ने आवाज देकर रुकवाया वाहन घायल को प्राथमिक उपचार के बाद किया रैफर~~
धार~( डॉ. अशोक शास्त्री )
धार शहर के घोड़ा चौपाटी चौराहे पर सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। यहां पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पहियों के नीचे दब गया। हालांकि पहियों में फंसने के कारण चालक जब तक ट्रक रोकता, तब तक काफी देर हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में फंसने के कारण बाइक सवार 7 फीट तक घसीटता हुआ लेकर चला गया था। इसके बाद लोगों ने ट्रक को रूकवाया। हादसे में युवक के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया है। इधर सूचना के बाद पहुंची नौगांव पुलिस टीम ने टक्कर मारने वाले ट्रक को जप्त कर लिया है। हालांकि चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया था।
जानकारी के अनुसार घायल प्रकाश पिता नानसिंह निवासी सीतापाट अपनी बाइक क्रमांक एमपी-11-जेडडी-5144 से घोड़ा चौपाटी सर्कल से गुजर रहा था। तभी एक ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक के पिछले पहियों में बाइक सवार प्रकाश फंस गया। इस कारण प्रकाश को ट्रक घसीटते लेकर गया था। बताया जा रहा है कि इस हादसे में प्रकाश का पैर ट्रक के पहिये में फंस गया था। जिस कारण प्रकाश को गंभीर चोट आई है। घटना के बाद लोगों ने ट्रक के पहिये के बीच से प्रकाश को बाहर निकाला और अस्पताल रेफर किया गया। जब घायल को अस्पताल भिजवाने के लिए एंबुलेंस से संपर्क किया, तो एंबुलेंस को भी पहुंचने में काफी वक्त लगा। जैसे-तैसे घायल प्रकाश को प्राइवेट हॉस्पिटल रेफर किया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद प्रकाश को इंदौर रेफर कर दिया गया है। शहर में सुबह 9 से रात 9 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश निषेध है। इसके बावजूद दोपहर के समय ट्रक शहर में प्रवेश कर रहा था। वहीं दूसरी तरफ जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां पर भी अतिक्रमण की दिक्कत है। सब्जी और फलों के ठेले यहां पर सड़क किनारे तक लगे रहते है। जिससे लोग सड़क पर खड़े रहकर सामान खरीदते है। इससे हादसों की संभावना हमेशा बनी रहती है।


Post A Comment: