झाबुआ~अन्न-दूत योजना-बेरोजगार युवा राशन दुकानों में अब पहुंचाएंगे खाद्यान्न-युवाओं को वाहन खरीदने मिलेगा 25 लाख रुपए का लोन~~
झाबुआ। संजय जैन~~
युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए शासन द्वारा अन्न-दूत योजना शुरू की गयी थी। इस योजना के तहत युवाओं को उचित मूल्य राशन दुकानों पर खाद्यान्न पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। योजना के तहत खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के पास जिलेभर से 59 बेरोजगार युवाओं ने आवेदन जमा कराए थे जिसमें से 6 सेक्टरों में 18 युवाओं का चयन कर लिया गया है। जिनका परीक्षण करने के बाद इन्हें बैंकों को भेज दिया गया है।
वाहन खरीदने के लिए लोन उपलब्ध करेगी ......................
अब बैंकों द्वारा पात्र आवेदकों को इस योजना के तहत वाहन खरीदने के लिए लोन उपलब्ध कराया जाएगा। जिले के 6 सेक्टरों के अंतर्गत आने वाली राशन दुकानों में यह युवा अपने मालवाहक से राशन पहुंचाएंगे। इस योजना से राशन की कालाबाजारी पर अंकुश लगेगा और समय पर राशन पहुंचेगा।
यह थी पात्रता की शर्तें ......................
युवा की शैक्षणिक योग्यता आठवी पास रखी गयी थी। साथ ही उनके पास हैवी ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य रखा गया था।योजना के तहत युवाओं को वाहन खरीदने के लिए 25 लाख रुपए का लोन मिलेगा। इसमें वाहन की कीमत की 10 प्रतिशत सब्सिडी सरकार द्वारा दी जाएगी।
जिले में कुल 395 राशन दुकान ......................
जिले में कुल 395 राशन दुकानें हैं। इन दुकानों पर पर 3 लाख से अधिक उपभोक्ता दर्ज हैं। अभी तक शासन द्वारा निजी एजेंसी के माध्यम से राशन दुकानों में खाद्यान्न पहुंचाया जाता था। कई बार देखने में आता था कि गोदाम से खाद्यान्न निकलने के बाद बीच में ही कई बोरियों को गायब कर दिया जाता था। कई बार बोरियों को उतारकर उतने वजन का पत्थर या अन्य सामग्री ट्रक में रख दी जाती थी। जिससे तौल कांटे पर तो वाहन पूरा वजन बताता था, लेकिन उसके अंदर रखी भरी बोरियों को उतार लिया जाता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सरकार द्वारा इस व्यवस्था को बदला गया है।
अन्नदूत को हर माह 3000 क्विंटल खाद्यान्न पहुंचाना होगा ......................
अब इन राशन दुकानों पर आगामी दिनों में अन्नदूत योजना काम करेंगी। जिसमें युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है और वह सेक्टर स्तर पर काम करेंगे। जिसकी जिम्मेदारी खाद्य विभाग और नागरिक आपूर्ति निगम की होगी। अन्न दूत बनने वाले युवाओं को हर महीने 3 हजार क्विंटल खाद्यान्न सामग्री पहुंचाना होगी। इस योजना के तहत सरकार द्वारा गोदाम से उचित मूल्य की दुकान तक सामग्री पहुंचाने के लिए एक निर्धारित राशि का भुगतान किया जाएगा। यह भुगतान नागरिक आपूर्ति विभाग करेगा। योजना में चालक और रखरखाव का भुगतान भी नागरिक आपूर्ति विभाग करेगी।
वाहन में लगेगा जीपीएस सिस्टम, कालाबाजारी पर लगेगी रोक ......................
इस योजना के तहत राशन वितरण प्रणाली में शिकायतों से बचने के लिए वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा। सेंट्रल कमांड कंट्रोल रूम से वाहनों पर नजर रखी जाएगी। वाहनों पर माइक सिस्टम के साथ शासन की योजनाओं का प्रदर्शन भी किया जाएगा। अन्न दूत योजना के लागू होने से नागरिक आपूर्ति निगम के संरक्षण में परिवहनकर्ता द्वारा किए जाने वाली कालाबाजारी पर रोक लग जाएगी।
आए थे 59 युवाओं के आवेदन ......................
जिले में बनाये गए 6 सेक्टरों से अन्न दूत योजना के तहत 59 युवाओं के आवेदन आए थे। जिनमे से 18 युवाओं का चयन कर लिया गया है। प्रकरण बैंकों को भेज दिया गए है। अब बैंक उनका परीक्षण कर, पात्र युवाओं को लोन उपलब्ध कराएगा।
......................संजय पाटिल,डीएसओ-झाबुआ




Post A Comment: