धार~पौने चार लाख बहनों की आंखों में उम्मीदें, खातों में आज आएंगे 1-1 हजार~~
जिले में अभी भी 18 हजार से अधिक बैंक खाते डीबीटी सक्रिय नहीं, कुछ लोगों ने की सीएम हेल्पलाईन पर शिकायत~~
योजना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह, प्रमाण पत्र वितरण के दौरान बगैर बुलाए दल के साथ घूम रहे~~
धार। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की विधानसभा चुनाव के पूर्व प्रारंभ की गई लाड़ली बहना योजना शनिवार 10 जून को साकार होने वाली है। 1 क्लिक के साथ लाखों महिलाआें के बैंक खातों में प्रतिमाह मिलने वाली 1 हजार रुपए की राशि डालने का श्री गणेश होने वाला है। धार जिले में करीब पौने चार लाख महिलाएं शनिवार के दिन को विशेष मान रही है। सभी को अपने-अपने खातों में रकम आने की उम्मीदें है। विशेषकर वह महिलाएं जिनके खातों में 1 रुपए जमा होने का मैसेज आ गया था। वे अपने खाते में शनिवार को ही राशि आने की संभावनाओं को लेकर निश्चिंत है। उल्लेखनीय है कि 10 जून को जबलपुर में सीएम इस योजना के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से राशि जारी करेंगे।
आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा
सीएम की इस महत्वपूर्ण योजना से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। प्रतिमाह मिलने वाली यह राशि महिलाआें की पोषण संबंधी खाद्य जरूरतों को पूरा करने के साथ उन्हें अन्य कामों में खर्च के लिए मदद करेगी। सैकड़ों ऐसे परिवार है जहां पर महिलाएं मासिक 500 रुपए महीने की भी बचत अपने खाते में नहीं कर पाती है। ऐसी महिलाओं के लिए प्रतिमाह 1 हजार रुपए महीने की सहायता किसी बड़ी सौगात से कम नहीं होगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर नीचे तक दिखाया जाएगा। ग्राम पंचायत से लेकर नगर के वार्डों में कार्यक्रम का लाईव प्रसारण प्रदर्शित किया जाएगा।
भाजपाईयों में भी खासा उत्साह
लाड़ली बहना योजना को विधानसभा चुनाव में महिलाओं के बीच पैठ बढ़ाने का ट्रम्प कार्ड भी माना जा रहा है। गत विधानसभा चुनाव के पूर्व सीएम संबल योजना भी लाए थे। इस योजना में पात्र महिलाओं को प्रमाण पत्र दिए जा रहे है। इस पर मुख्यमंत्री का फोटो अंकित है। भाजपा सरकार की इस योजना के माध्यम से घर-घर पहुंचने के लिए भाजपाईयों में भी खासा उत्साह है। आंगनवाड़ी व निकाय कर्मियों के द्वारा प्रमाण पत्र वितरण करने के दौरान बगैर बुलाए भाजपाई भी पहुंच रहे है और लोगों से रूबरू हो रहे हैं।
18 हजार खाते डीबीटी नहीं
जिले में 3 लाख 82 हजार 696 महिलाओं का पात्रता श्रेणी में शामिल किया गया है। इनमें 3 लाख 63 हजार 774 खाते डीबीटी सक्रिय है। 18 हजार 285 खातों को डीबीटी सक्रिय करने का काम चल रहा है। कार्यक्रम का लाईव प्रसारण दिखाने के लिए महिलाओं को आमंत्रित किया जा रहा है। धार नगरपालिका क्षेत्र में करीब 11 हजार महिलाओं को फोन करके व संपर्क से कार्यक्रम में आने का न्यौता दिया गया है।
पैसा आया तो कटाऊंगा शिकायत
बहनों के खातों में राशि डालने के पूर्व 1 रुपया जमा करवाकर खातों को चेक किया गया है। बड़े पैमाने पर महिलाओं के खातों में 1 रुपया नहीं पहुंचा है। योजना की पात्रता से बाहर होने की आशंका के चलते लोगों ने सीएम हेल्पलाईन पर शिकायत दर्ज कराई है। निकाय के कर्मचारी उनसे संपर्क करके शिकायतें कटवाने में जुटे हुए है। धार नगरीय क्षेत्र में हरीश नाम के व्यक्ति ने पत्नी के खाते में 1 रुपया ना आने को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्हें समझाईश दी गई तो उन्होंने कहा कि कल शनिवार को खाते में यदि 1 हजार की राशि आ गए तो ही शिकायत कटवाऊंगा अन्यथा नहीं।
चित्र है 9धार12-
Post A Comment: