धार~लोक संस्कृति पर्व के रंग में रंगे विदेशी पर्यटक, कलेक्टर-एसपी पहुंचे भगोरिया हाट ~~
धार। आदिवासी लोक संस्कृति का पर्व भगोरिया हाट का उत्साह पूरे जिले में जगह-जगह देखा जा रहा है। शनिवार को पर्यटन नगरी मांडव में भगोरिया हाट का आयोजन किया गया। इस हाट-बाजार में बड़े पैमाने पर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग शामिल हुए। पर्व के रंग में विदेशी पर्यटक भी रंगे नजर आए। परंपरागत वाद्य ढोल और मांदल की थाप और कुर्राटियों के बीच आदिवासी लोक नर्तकों के साथ विदेशी पर्यटकों ने भी कदमताल किए। इस आयोजन में राजनैतिक दलों द्वारा मंच लगाए गए थे। मंचों से समुदाय के लोगों का स्वागत किया गया। अनेकों लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांसद छतरसिंह दरबार, जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, एसपी आदित्य प्रतापसिंह, एएसपी देवेन्द्र पाटीदार, स्टेट प्रेस क्लब के प्रदेशाध्यक्ष प्रवीण खारिवाल , प्रेस क्लब सचिव अशोक शास्त्री सहित अन्य लोग भी शामिल हुए। अधिकारियों द्वारा मंच से मांदल वादकों और नृत्य दलों को पुरस्कृत किया गया। कई लोगों को प्रशस्ति पत्र भी दिए गए।
विदेशी पर्यटक ने बजाई मांदल
मांडू में भगोरिया हाट को लेकर सुबह से ही उत्साह दिखाई दिया। धीरे-धीरे करके लोग मेला प्रांगण स्थल पर एकत्रित होने लगे। दुकानें सजने लगी और एक के बाद एक मांदल दल पहुंचने लगे। कहीं बांसुरी की धून तो कहीं थाली की गूंज पर लोगों के कदम थिरकने लगे। मांडव में इटली से एलिस और अन्य मेहमान आए थे। यहां पर भारी भरकम मांदल को देखकर विदेशी पर्यटक एलिस ने मांदल पर हाथ आजमाए। उसे उठाकर बजाते हुए नृत्य किया। कुछ पर्यटकों ने थाली भी बजाकर उत्सव में स्वयं को सम्मिलित किया। उत्साह का आलम यह रहा कि कलेक्टर भी मांदल दल के बीच में पहुंचे और कुर्राटी भी लगाई। इस दौरान मौके पर एसडीओपी राहुल खरे, एसडीएम रोशनी पाटीदार, तहसीलदार सुरेश नागर, सीएमओ मयूरी वर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
मांदल लेकर 62 पहुंचे
लोक संस्कृति के इस पर्व में वाद्य यंत्र इसकी ताकत है। बांसूरी, मांदल, थाली, ढोल और परंपरागत नृत्य इसकी खुबसूरती है। मांडू के हाट में करीब 62 दल मांदल के साथ पहुंचे थे। वहीं 3 नृत्य दल भी शामिल हुए। आदिवासी युवतियां और महिलाएं दल के रूप में एक जैसे डेÑस कोड के साथ पहुंची थी। स्टेट प्रेस क्लब , भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों द्वारा मंचों से लोक कलाकारों का स्वागत व सम्मान किया गया। कहीं नकद पारितोषिक वितरण किया। कहीं पर शिल्ड से सम्मानित किया।
Post A Comment: