धार~देवी आराधना और राम भक्ति में लीन हुआ धार~~
सुबह से मंदिरों में हुई पूजा-अर्चना, जिले में जगह-जगह निकली शोभायात्रा~~
धार। गुरुवार को जिला देवी पूजा और श्रीराम आराधना में लीन रहा। जिला मुख्यालय सहित अनेकों स्थानों पर भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई। शहर में सड़कों पर रंगोलियां बनाई गई। भगवा पताकाओं से मंदिरों को सजाया गया। भक्ति गीत सुबह से शाम तक गूंजते रहे। उल्लेखनीय है कि राम नवमीं के साथ नौ दिवसीय चैत्र नवरात्र का समापन भी गुरुवार को हो गया। पिछले नौ दिनों से आराधना और उपवास कर रहे श्रद्धालुओं ने कन्या भोज के साथ उपवास खोला। नवमीं तिथि को भगवान श्रीराम के जन्म उत्सव के रूप में भी मनाया गया। श्री राम मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की गई। दोपहर 12 बजे श्री राम के जन्म का उत्सव घंटे, शंख बजाकर मनाया गया। इस दौरान मंदिरों में प्रसादी वितरित की गई। कहीं पर फलाहार था तो कहीं सौंठ और पिंजरी का प्रसाद। इधर नवमीं पर कन्याओं को भोजन कराने के पूर्व पग पूजन, माथा तिलक और दक्षिणाएं दी गई। प्रात: से ही नन्हीं-नन्हीं बालिकाएं तैयार होकर एक घर से दूसरे घर भोजन ग्रहण करके लोगों के धर्मलाभ में भागीदार बनी। वहीं नवरात्रि पर्व के अंतिम दिन होने से माता भक्तों ने नवमीं का पूजन किया।
मंदिरों पर हुए भजन, जयश्री राम से अभिवादन
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव दोपहर 12 बजे मनाया जाता है, लेकिन अलसुबह से ही मंदिरों में दर्शनार्थियों का आना शुरु हो गया था। शहर में अनेकों राम मंदिरों में भजन पाठ शुरु हो गए थे। देव दर्शन के लिए नवमीं के कन्या भोज कार्यक्रम से निवृत्त हुए श्रद्धालु अपने परिजनों के साथ मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे। इधर शाम को श्री हरि नाम संकीर्तन रामायण मंडल धार द्वारा आनंदेश्वर मंदिर से परंपरागत रूप से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें झांकी भी शामिल थी। छोटी-छोटी बालिकाओं ने शस्त्र कला का प्रदर्शन भी किया।
मंदिरों में हुई महाआरती
नगर के प्राचीनतम बनियावाड़ी स्थित श्रीराम मंदिर, जवाहर मार्ग के श्रीराम मंदिर, पौ चौपाटी स्थित श्रीराम मंदिर व नालछा दरवाजा के अति प्राचीन श्रीराम मंदिर में विशेष रूप से शृंगार किया गया था। आरती के बाद सौठ पिंजोरी का प्रसाद वितरित किया गया। रामनवमीं के अवसर पर नगर के अनेक राम मंदिरों सहित अन्य मंदिरों में रामायण के अखंड पाठ बैठाए गए। यह अखंड पाठ का वाचन मंदिरों में पंडितों द्वारा किया गया। इस दौरान भक्तजनों ने भारी संख्या में भाग लिया।
मांडू में भी महोत्सव मना
मांडू के प्रसिद्ध प्राचीनतम श्रीराम मंदिर में इस वर्ष भी रामनवमीं पर विशाल पैमाने पर महोत्सवी कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजन के तहत 12 बजे महाआरती के साथ ही विद्वान पंडितों द्वारा श्रीराम के चरित्र पर व्याख्यान दिए गए। व्याखान में राम-लक्ष्मण व सीतामाता के कई प्रसंगों पर प्रकाश डाला। श्रीराम मंदिर ट्रस्ट द्वारा प्रसादी का वितरण भी किया गया।
बॉक्स-1
नौगांव श्रीराम मंदिर से निकली शोभायात्रा, समाजजन हुए शामिल
शहर के नौगांव क्षेत्र से गुजराती रामी माली समाज ने रामनवमीं पर भगवान श्रीराम की विशाल शोभायात्रा नगर में निकाली। विधि-विधान से पूजा-पाठ कर श्री रामलला को पौषाख अर्पित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं, भजनों पर नृत्य करते हुए चल रही थी। शोभायात्रा नौगांव मंदिर से प्रारंभ हुई और नगर के प्रमुख मार्ग हटवाड़ा चौराहा, मोहन टॉकिज, आनंद चौपाटी होकर श्री राम दरबार नौगाव मंदिर पर समाप्त हुई। इस दौरान शोभायात्रा के स्वागत में यात्रा मार्ग पर दर्जनों मंचों से पुष्पवर्षा की गई। शोभायात्रा समापन के बाद श्री राम मंदिर में महाआरती का आयोजन किया गया। प्रसादी वितरित की गई ।
Post A Comment: