धार~लोक पर्व भगोरिया के उल्लास के रंग में सराबोर हुआ मुख्यालय धार ~~
पहली मर्तबा जनजातिय मंच की पहल पर दशहरा मैदान में लगा मेला, कांग्रेस-भाजपा नेता भी हुए शामिल ~~
40 के लगभग मांदल दल पहुंचे, दोपहर से शाम तक दिखा उल्लास, पुरुषों- महिलाओं ने किया नृत्य ~~
आदिवासी लोक संस्कृति के पर्व भगोरिया हाट का उल्लास पूरे अंचल में देखा जा रहा है। जगह-जगह मेले लग रहे हैं और आदिवासी संस्कृति के रंग में स्थानीय लोग भी सराबोर हो रहे हैं। जिला मुख्यालय धार में पहली मर्तबा जनजातिय मंच की पहल पर भगोरिया हाट का आयोजन किया गया। रविवार को दशहरा मैदान में आयोजित इस हाट-बाजार में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने शिरकत की। 40 के लगभग मांदल वादकों ने दल के साथ शामिल होकर लोगों को नाचने और थिरकने पर मजबूर कर दिया। कुर्राटी मारते युवक और रंग-बिरंगे परिधाम में युवतियों ने जमकर नृत्य किया। इस दौरान लोगों ने जमकर खरीदार की और सेल्फी भी ली।
प्रकृति के प्रति प्रेम दर्शाया
पहली मर्तबा लगने वाले भगोरिया हाट को लेकर शहर के लोगों में काफी उत्साह था। आदिवासी समुदाय के अतिरिक्त शहरी क्षेत्र के लोग भी पर्व को नजदीक से देखने-समझने के लिए पहुंचे थे। एक-एक करके मांदल दलों के आने की शुरुआत दोपहर 11 बजे से हो गई थी। डेढ़ बजे बाद भीड़ जुटने से पर्व का उल्लास दिखाई देने लगा। कोई बांसूरी बजाकर अपनी मस्ती में मधूर संगीत सुना रहा था। कुछ लोग प्रकृति के प्रति प्रेम दर्शाते हुए हाथों में लकड़ी की सांपनुमा आकृति तो कोई लकड़ी पर शेर का पुतला लगाकर नाचता नजर आया। एक मांदल दल में युवक शेर का वेश धरकर नृत्य कर रहा था। दोपहर से शाम तक नाचने-गाने का दौर चलता रहा।
राजनैतिक रंग भी दिखाई दिया
दशहरा मैदान में पहली मर्तबा आयोजित भगोरिया मेले में राजनैतिक रंग भी दिखाई दिया। जहां जनजातिय मंच पर हिन्दू संगठन के नेता मौजूद थे। वहीं भाजपा नेता दिलीप पटोंदिया, अशोक जैन, सन्नी रिन, मनोजसिंह ठाकुर दिखाईदिए। नगर परिषद् द्वारा मांदल दलों को पुरस्कृत किया गया। इस मंच पर नपा उपाध्यक्ष मयंक म्हाले सहित आदिवासी पार्षदगण व अन्य पार्षदगण मौजूद थे। पुलिस विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से मंच के माध्यम से व्यवस्था पर नजर रखी। इस मंच पर सीएसपी देवेन्द्र धुर्वे, थाना प्रभारी दीपक चौहान सहित पुलिसकर्मी मौजूद थे। कांग्रेस की और से जिपं सदस्य मनोजसिंह गौतम ने मंच लगाकर मांदल वादकों का सम्मान किया। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर टोनी छाबड़ा, जिपं सदस्य शंकर चौहान, पूर्व पार्षद बंटी डोड, बरसात सिसौदिया, रत्नेश जांगड़े सहित कांग्रेसजन मौजूद थे।
मेले में जमकर हुई खरीदारी
रविवार को दशहरा मैदान मार्ग पर पशु बाजार लगता है। इधर शहर में भी इतवारिया हाट की खरीदारी होती है। इस साप्ताहिक हाट में भगोरिया का रंग दिखाई दिया। खान-पान की दुकानों सहित अन्य वस्तुओं की दुकानों की संख्या बढ़ गई थी। मेले में आए लोगों ने जमकर खरीदारी की। फोटो खींचने की दुकानें भी लगी हुई थी। जहां पर लोगों ने अपने कुटुम्ब के लोगों के साथ याद के रूप में फोटो खींचवाए। आधुनिकता का रंग भी लोक पर्व में दिखाई दिया। युवक शार्ट रिल बनाते और सेल्फी लेते दिखाई दिए।
Post A Comment: