धार~संगठित रहा कुनबा- चुनाव में कांग्रेस से महिला नपाध्यक्ष निर्वाचित, असोलिया बने उपाध्यक्ष ~~
सबसे बड़ी नगरपालिका पीथमपुर में 5 साल बाद कांग्रेस की सत्ता बनी, समर्थकों ने निकाला जुलूस ~~
पीथमपुर नगरपालिका में कांग्रेस के कुनबे ने तमाम वैचारिक मतभेदों के बावजूद चुनाव में एकजुटता दिखाई है। इसका नतीजा यह रहा कि 5 साल बाद सबसे बड़ी नगरपालिका पीथमपुर में कांग्रेस की सत्ता बनी है। सोमवार को पार्षदों के माध्यम से अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस की श्रीमती सेवंतीबाई सुरेश पटेल अध्यक्ष निर्वाचित हुई है। एक बार फिर से नगरपालिका की कमान महिला अध्यक्ष के हाथ में रहेगी। गौरतलब है कि पिछली मर्तबा भाजपा से कविता संजय वैष्णव अध्यक्ष बनी थी। इधर उपाध्यक्ष के चुनाव में भी कांग्रेस के पप्पू असोलिया पूरे 17 पार्षदों के समर्थन के साथ निर्वाचित हुए है। परिणाम की घोषणा होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशे और आतिशबाजी करके अपनी खुशियां जाहिर की। इस दौरान क्षेत्र के प्रभावशाली नेता बालमुकुंदसिंह गौतम सहित अन्य नेताओं को पुष्पमालाओं से लाद दिया।
2 वोट से अध्यक्ष निर्वाचित
नगरपालिका के कुल 31 वार्डों में कांग्रेस के पास 17 पार्षदों के साथ स्पष्ट बहुमत था। इसके बावजूद कांग्रेस में तोड़फोड़ की आशंका जताई जा रही थी। यहां पर अध्यक्ष के लिए बहुत से लोग दावेदारी कर रहे थे। इस तरह की स्थितियों के बीच बहुमत से 3 पार्षद संख्या दूर भाजपा अपने अवसर ढूंढ रही थी। इस बीच कांग्रेस ने क्षेत्र के प्रभावशाली और तटस्थ कांग्रेसी सुरेश पटेल की पत्नी पार्षद सेवंतीबाई को अध्यक्ष उम्मीदवार घोषित कर दिया। हालांकि श्रीमती पटेल को 16 वोट हासिल हुए है इसके बावजू उन्होंने 2 वोटों से भाजपा के कद्दावर नेता अशोक पटेल को पराजित किया है।
पीसीसी अध्यक्ष की नजर भी थी
पीथमपुर में कांग्रेस की एकजुटता के पीछे संगठन प्रभारी निर्मल मेहता, महेश परमार, केदार सिरोही सहित पूर्व डीसीसी अध्यक्ष बालमुकुंदसिंह गौतम की रणनीति सफल रही। इधर बुंदेला समर्थक पार्षदों ने भी संगठन के निर्णय को सम्मान देते हुए एकजुटता बरकरार रखी। पटेल और असोलिया के नाम पर सभी पार्षदों के साथ सहमति बनाई गई। सोमवार को विजय जश्न में श्री गौतम के साथ कुलदीपसिंह बुंदेला, कुलदीपसिंह डंग सहित विधायक पांचीलाल मेड़ा और अन्य लोगों को भी कार्यकर्ताओं ने मालाएं पहनाकर संगठानिक एकजुटता में भूमिका निभाने के लिए धन्यवाद अदा किया।
उद्योगों की समस्या हल करेंगे-गौतम
जीत के बाद पूर्व डीसीसी अध्यक्ष श्री गौतम ने सभी पार्षदों का आभार माना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की परिषद् और पार्षद पीथमपुर के बेहतर विकास के लिए समर्पित भाव से काम करेंगें। विकास की गति रफ्तार पकड़ेगी। उद्योगों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की जीत है। जनता की जीत है।



Post A Comment: