धार~34वीं बटालियन में चार दिवसीय खेल स्पर्धाओं के हुआ समापन~~
जिला मुख्यालय स्थित विशेष सशस्त्र बल की 34वीं बटालियन में चार दिवसीय मिलन समारोह के दौरान विभिन्न दिलचस्प खेल स्पर्धाओं, देशी खेलों में जवानों के बीच हुई प्रतियोगिताओं तथा बटालियन के सिपाहियों के बालक-बालिकाओं के लिए मनोरंजक स्पर्धाओं के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह एवं धार जिला प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों के आतिथ्य में पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
अधिकारी-कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण
बटालियन पर 28 से 31 जनवरी तक इन विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन अनुशासन और उत्साह के वातावरण में किया गया। 34वीं वाहिनी के सैनानी रोहित काशवानी के मार्गदर्शन में 29 जनवरी को संगीत संध्या एवं मेले में मशहूर संगीतकार गुरुमीतसिंह डंग ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध बनाए रखा। इस मौके पर कमांडेंट श्री काशवानी के अलावा उपसैनानी श्रीमती रचना भदौरिया, सहायक सैनानी सौरभ तोमर के साथ ही जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। 30 जनवरी को रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें जिला चिकित्सालय धार के डॉ आशीष मिश्रा, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ गौरव गुप्ता, मेडिकल आॅफिसर डॉ विजय मकवाना, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ गरिमा वैष्णव सहित नर्सिंग स्टाफ ने अपनी सेवाएं देकर 279 अधिकारी-कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस शिविर में 41 अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वैच्छा से रक्तदान भी किया।
समारोह का समापन 31 जनवरी को शाबास इंडिया के कलाकारों के हैरत अंगेज कारनामों के प्रदर्शन के साथ हुआ। नाशिक से आए कलाकार अब्बास और उनकी टीम के कलाकारों ने इस मौके पर उल्टी कूद, बालों से जीप वाहन को खींचने, बांस की डंडियों के सहारे चलने, दोनों हाथों को रस्सी से बांधकर मोटर साइकलों को आगे नहीं बढ़ने देने जैसे अनेक हैरत अंगेज करतब दिखाकर बटालियन के जवानों और उनके परिजनों का खूब मनोरंजन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार, धार एडीएम श्रृंगार श्रीवास्तव, एसडीएम दीपाश्री गुप्ता, श्री काशवानी, बटालियन की उपसैनानी श्रीमती रचना भदौरिया, सहायक सैनानी सौरभ तोमर की गरिमामय उपस्थिति में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जवानों एवं उनके परिजनों को पुरस्कृत किया गया। अंत में बटालियन के कमांडेंट श्री काशवानी ने आभार माना।



Post A Comment: