धार~कुछ दिन सोना पड़ेगा 1 बेड पर 2 मरीजों को, जल्द बनेगी 100 बेड की नई यूनिट ~~
राज्य की टीम ने किया निरीक्षण, पीएम आयुष भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत 15वें वित्त आयोग राशि से होगा काम ~~
जिला अस्पताल में नई यूनिट बनाने की चर्चा शुरु होते ही अस्पताल को शहर से बाहरी क्षेत्र में ले जाने का प्रस्ताव खटाई में पड़ने की आशंका ~~
जिले के लिए अच्छी खबर है कि शासकीय जिला अस्पताल में 100 बेड की एक नई यूनिट बनाने की प्लानिंग हो रही है। इसको लेकर राज्य स्तरीय 5 सदस्यीय दल ने अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया है। नई क्रिटिकल केयर यूनिट में हाईटेक ओटी, आईसीयू सहित कई सुविधाएं होगी। करीब 3 हजार स्क्वेयर मीटर में 5 मंजिला इमारत बनाने की प्लानिंग की गई है। इसके लिए पीएम आयुष भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत 15वें वित्त आयोग की राशि से काम करवाया जाएगा। इससे सुविधाओं का सरलीकरण होगा। वर्तमान में जिला अस्पताल में करीब 300 बेड की क्षमता है और भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती रहती है। कई मर्तबा एक बिस्तर पर दो मरीजों को लेटाकर उपचार देना पड़ता है। इस तरह की स्थितियों से मरीजों को परेशान होना पड़ता था। वहीं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होते थे। जगह की कमी बड़ी दिक्कत
जिला अस्पताल परिसर वर्तमान में मरीजों और परिजनों की आवाजाही के कारण क्षेत्रफल की दृष्टि से छोटा प्रतीत हो रहा है। इधर एक नई यूनिट बनाने की प्लानिंग की जा रही है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन से जुड़े लोगों ने बताया कि 100 बेड की प्लानिंग के लिए अस्पताल के ही सिंगल पुराने स्ट्रक्चर को तोड़कर पांच मंजिला भवन की तैयारी की जा रही है। इसके लिए अभी वतर्मान में संचालित सिविल सर्जन कार्यालय, इमरजेंसी ओपीडी, डायलिसिस यूनिट, ब्लड बैंक सहित अन्य यूनिट को तोड़कर उस भूमि पर प्रस्तावित 100 बेड की क्रिटिकल यूनिट बनाने का प्लान टीम ने बनाया है।
मेडिकल कॉलेज का रास्ता खुलेगा
जिला अस्पताल में बिस्तरों की सुविधा बढ़ने से ना सिर्फ मरीजों का फायदा होगा, बल्कि मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए आवश्यक अर्हताएं भी पूरी होगी। उल्लेखनीय है कि नगरपालिका चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान धार में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा कर गए है। कॉलेज धार के जनप्रतिनिधियों की पुरानी मांग भी रहा है। हालांकि इस पूरी प्रक्रिया में करीब डेढ़ से दो साल लगने की संभावना है। इसके बाद जिला अस्पताल में 400 बेड की सुविधा हो जाएगी।
अस्पताल हटने की संभावनाओं पर विराम
जिला अस्पताल को रतलाम रोड पर 500 बेड का नया अस्पताल बनाने का प्लान तत्कालीन कलेक्टर पंकज जैन ने बनाया था। इसमें करीब 100 करोड़ रुपए की लागत आंकी गई थी। इसके निर्माण की जिम्मेदारी हाऊसिंग बोर्ड को दी गई थी। इस मामले में कलेक्टर के तबादला होने और कागजी प्रक्रिया धीमी होने से प्लान अटक गया है। इधर 100 बेड की नई यूनिट बनाने की प्रक्रिया शुरु होने से जिला अस्पताल अपने मूल स्थान से हटने की संभावनाओं पर भी विराम लगता दिख रहा है। यदि दोनों प्लानिंग साथ में चल रही है तो 100 बेड की यूनिट बनाने के नाम पर शासन का पैसा खर्च करना धन का धुला करने के समान रहेगा।


Post A Comment: