धार~गूंजा सरकार की आमद मरहबा...... उत्साह के साथ मनाया ईद मिलाद-उन-नबी पर्व ~~

जिले में जगह-जगह निकले जुलूस, हरे परचम लहराए, तिरंगा थामकर कौमी एकता की दी मिसाल ~~

जिला मुख्यालय धार में सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने निकाला जुलूस, शहरकाजी वकार सादिक सहित मौलाना-मौलवी हुए शामिल ~~

धार ( डाॅ. अशोक शास्त्री )

रविवार 9 अक्टूबर को जिले में ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व मुस्लिम समुदाय ने पूरे उत्साह के साथ मनाया। जिले में जगह-जगह मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूस निकाले और खुशियां मनाई। जुलूस में डीजे पर नबी की शान में गीत गूंज रहे थे। हरे इस्लामिक परचम लहराते मुस्लिम युवा ‘सरकार की आमद मरहबा’ जैसे नारों को बुलंद करते हुए चल रहे थे। गत वर्ष जिला मुुख्यालय पर जुलूस के दौरान हुए विवाद के मद्देनजर इस वर्ष प्रशासन ने बैठकों के माध्यम से आयोजन को लेकर रूपरेखा तय कर दी थी। इसके चलते शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस निकाला गया। 
15 से अधिक डीजे शामिल 
जिला मुख्यालय धार में रविवार को ईद मिलाद-उन-नबी का जश्न मनाने के लिए सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जुलूस-जलसे में शामिल हुए। इस दौरान गले मिलकर ईद की बधाईयां भी दी गई। जुलूस में 15से अधिक डीजे शामिल थे। इन डीजों पर समुदाय से जुड़े भक्ति गीत बजते रहे। जगह-जगह मंचों से जुलूस पर फूल बरसाए गए। सड़कों पर जुलूस को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हरे झंडों के साथ कुछ लोगों के हाथों में तिरंगे ध्वज भी दिखाई दिए। राष्ट्रीय ध्वज की मौजूदगी धार्मिक जुलूस में कौमी एकता का संदेश दे रही थी। 
पैगम्बर साहब का जन्मदिन होता है 
ईद मिलाद-उन-नबी पर्व इस्लाम धर्म के संस्थापक पैगम्बर मोहम्मद के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। इस पर्व का मुस्लिम समुदाय में विशेष महत्व रहता है। एक दिन पूर्व से ही विशेष तैयारियां की जाती है। समुदाय के लोग अधिक से अधिक समय इबादत और मस्जिदों में बिताते है। पैगम्बर साहब के पैगाम पढ़े जाते हैं। अनेकों लोग गरीब जरूरतमंद लोगों की मदद करके इस तरीके से पर्व मनाते है। 
पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा 
कोरोना संक्रमण काल में दो साल जुलूस प्रतिबंधित रहा। गत वर्ष प्रशासन द्वारा अनुमति मोहल्लों में जुलूस निकालने को लेकर दी गई थी, किंतु संदेश सही तरीके से समुदाय के बीच में नहीं पहुंचा था और लोग बाजार में निकल आए थे। इस दौरान पुलिस और जुलूस में शामिल लोगों में टकराव हुआ था। इस तरह के हादसों से सबक लेकर  इस वर्ष समुदाय के लोगों ने भी निर्धारित रूट पर ही जुलूस निकाला। वहीं पुलिस प्रशासन गली-मोहल्लों से लेकर संपूर्ण जुलूस में पूर्ण तरीके से मुस्तैद रहा। दोनों थानों से बल सहित अतिरिक्त बल तैनात रहा। 
बॉक्स-1
समाजसेवियों का किया सम्मान 
ईद मिलाद-उन-नबी पर्व पर शहर में निकले जुलूस में अनेक मंच से जनप्रतिनिधि समाजसेवियों का स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता लियाकत पटेल का भी अनेक चौराहे मोहल्लों में समाज बंधुओं ने स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर मिठाईयां, फल बांटे गए। प्रशासन की और से माकुल व्यवस्था पर श्री पटेल ने आभार माना। जानकारी वसीम मौलाना ने दी।  

Share To:

Post A Comment: