धार~आज देवउठनी ग्यारस पर होगा तुलसी विवाह, विवाह संस्कार भी होंगे शुरू~~
विवाह आयोजनों के होने से बाजार में ग्राहकी बढ़ने की उम्मीदें, 3-3 महीने पहले से बुक होने लगे धर्मशाला, गार्डन~~
धार। गुरूवार को देव उठनी ग्यारस मनाई जाएगी। इसे छोटी दीवाली भी कहा जाता है। इस दिन तुलसी विवाह का आयोजन होता है और दीपोत्सव पर्व की तरह ही घर-घर दीप जलाना और आतिशबाजी की जाती है। देवउठनी ग्यारस के साथ ही भगवान के जागने और विवाह संस्कार जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम शुरू हो जाते है। इस वर्ष 2023 में ग्यारस के बाद विवाह के लिए 15 मुहूर्त ही है। यह बात अलग है कि फिर अप्रैल माह तक 16 शुभ मुहूर्त रहेंगे। कुल मिलाकर 31 शुभ मुहूर्त होने के चलते विवाह कार्यक्रम वाले परिवारों में अभी से मैरेज गार्डन, धर्मशाला बुक करने का सिलसिला शुरू हो गया है।
बाजार में लौटेगी रौनक
बाजारों में देव उठनी ग्यारस के बाद से विवाह खरीदारी के चलते कपड़े, ज्वेलरी, बर्तन और वाहन बाजार में तेजी आने की स्थिति बन जाएगी। इन कार्यक्रमों में इन वस्तुओं का प्राथमिकता के साथ लेन-देन और उपयोग किया जाता है। इसी के साथ धर्मशाला और मैरेज गार्डन सहित किराना व्यापार को भी गति मिलेगी। वर्ष समाप्त होने में महज 38 दिन बचे है। इसमे 15 दिन अलग-अलग तिथियों पर शादी-ब्याह के कार्यक्रम होना है
आज होगा तुलसी विवाह
शहर के रासमंडल स्थित अति प्राचीन गोवर्धनाथ मंदिर में श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा सेवा समिति द्वारा तुलसी विवाह का आयोजन किया जाएगा। सुबह गणेश पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। शाम 6 बजे मंदिर से बैंडबाजों क साथ शहर के प्रमुख मार्गों से बारात निकाली जाएगी। भगवान शालिग्राम व तुलसीजी का रीति-रिवाज से वैदिक ब्राह्मणों लारा विवाह कराया जाएगा। वहीं घर-घर तुलसी के चारों और गन्ने का मंडप बनाकर विवाह संस्कार आयोजित किए जाएंगे।
16 दिसंबर से लगेगा खरमास
मालवा के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित अशोक शास्त्री ने बताया कि 23 नवंबर से 15 दिसंबर तक विवाह के शुभ मुहूर्त है। 16 दिसंबर से 14 जनवरी तक धनु के सूर्य में आने से खरमास प्रारंभ हो जाएगा। इस दौरान विवाह संस्कार के आयोजन नहीं किए जाते है। 15 जनवरी के पश्चात विवाह के कार्यक्रम फिर प्रारंभ हो जाएंगे। देव उठनी ग्यारस के दिन किसी मुहूर्त की आवश्यकता नहीं होती है। इसे अभूज मुहूर्त माना जाता है। श्री शास्त्री ने बताया कि विवाह शुभ मूहर्त की तिथि नवंबर माह में देव उठनी एकादशी सहित नवंबर की 24, 27, 28, 29 एवं दिसंबर माह में 3 से 7, 9, 10, 13 से 15 को विवाह के लिए शुभ मुहूर्त है।
चित्र है 22धार7-


Post A Comment: