झाबुआ~5 माह में तुवर दाल 50 रुपए महंगी,155 रुपए किलो पर पहुंचे दाम- चना दाल 10 रुपए किलो की तेजी के साथ 72 रुपए हुई~~
झाबुआ। बाजार में एक बार फिर तुवर दाल के भाव आसमान छूने लगे हैं। पांच महीने में 50 रुपए किलो थोक भाव तेज हो चुके हैं। मार्च में जो तुवर दाल 100-105 रुपए प्रति किलो मिल रही है। उसके भाव लगातार बढ़ते हुए शुक्रवार को 150 से 155 रुपए किलो पहुंच गए। दूसरी तरफ चना दाल में भी इस माह ज्यादा तेजी देखने को मिली है। 60 से 62 रुपए किलो वाली चना दाल आज 70 से 72 रुपए तक पहुंच गई। शकर के भाव में भी 1 रुपए किलो की तेजी है। अन्य दालों के भाव में ज्यादा अंतर नहीं है।
सबसे ज्यादा तेजी दाल के भाव में ...................
आटा, तेल,शकर,चावल को छोड़ दें, तो इस साल सबसे ज्यादा तेजी दाल के भाव में देखने को मिली है। व्यापारियों के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह तक भाव लगभग सामान्य थे और तुवर दाल के भाव 100 रुपए के आस-पास और अन्य दालों के भाव 100 रुपए के अंदर ही थे। अप्रैल माह से भाव में कुछ स्थिरता के साथ लगातार तेजी देखने को मिल रही है। मार्च के दूसरे सप्ताह तक तुवर दाल के थोक भाव 100 से 105 रुपए किलो थे, जो बढ़कर मई में 135 से 138 रुपए किलो पर आए। अब अगस्त माह में रिकॉर्ड भाव 150 से 155 रुपए किलो पर आ गए हैं। जबकि मार्च के बाद अन्य दालों में मामूली बढ़ोतरी हुई। चना दाल के भाव मार्च से अगस्त माह के प्रारंभ तक 60 से 62 रुपए किलो के आस-पास ही बने हुए थे। आज यह भी 10 रुपए की तेजी के साथ 70 से 72 रुपए किलो में बिक रही है। मार्च से तुलना करें तो सभी दालों के भाव में करीब 10 से 20 रुपए किलो तेजी है।
मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं..................
मांग के अनुरूप दाल की आपूर्ति नहीं होने से यह स्थिति बनी हुई है। सब्जियों की आवक कम होने और मौसम के कारण तुवर व चना दालों में तेजी है। अगले माह भाव कुछ काबू में आएंगे लेकिन सब कुछ मानसून पर आधारित रहेगा।




Post A Comment: