झाबुआ~2800 में बिकने वाला गेहूं पहुंचा 3100 रुपए क्विंटल के पार,आटा भी 2 रुपए किलो महंगा हुआ-फिलहाल दामों में कमी के आसार नही~~
झाबुआ। गेहूं के भाव में तेजी के बाद बाजार में आटा इस माह 2 रुपए किलो तक तेज हो गया है। थोक व खेरची किराना व्यापारियों के अनुसार 2 अगस्त तक जो आटा 28 से 30 रुपए प्रति किलो मिल रहा था। वह आज 30 से 32 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। पैकिंग वाला आटा 35 रुपए क्विंटल तक बिक रहा है। थोक किराना बाजार के अशोक मंगल ने बताया कि आटे की मांग वैसे तो सामान्य है लेकिन अन्य राज्यों में गेहूं की मांग बढ़ने से आटा के भाव भी तेज हुए है। फिलहाल आटा के भाव में कमी के आसार कम ही हैं।
भाव में मंदी आने की संभावना नहीं .......................
पिछले महीने तक 2800 रुपए क्विंटल के आस-पास बिकने वाला गेहूं अगस्त माह के प्रारंभ से तेजी लिए हुए है। शनिवार को यह 3 हजार 131 रुपए क्विंटल बिका। मंडी में गेहूं के भाव में तेजी का असर आटा के भाव में भी देखने को मिला। किराना व्यापारियों के अनुसार तीन दिन में ही आटे के भाव में 200 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ गए। 1 अगस्त को जो आटा 2800 से 3000 रुपए क्विंटल बिक रहा था,आज वह 3000 से 3200 रुपए क्विंटल तक पहुंच गया है। व्यापारियों के अनुसार जब तक गेहूं के भाव काबू नहीं होंगे, तब तक आटा के भाव में मंदी आने की संभावना नहीं है।
गेहूं को लेकर जो दिशा-निर्देश जारी .......................
कृषि उपज मंडी में जुलाई के माह में गेहूं 2800 रुपए क्विंटल और न्यूनतम भाव 2200 रुपए क्विंटल के आस-पास बने हुए थे। जुलाई माह के अंत में 1-2 दिन तेजी आई जिससे भाव 2900 रुपए क्विंटल तक पहुंचने के बाद फिर कम हो गए। मंडी व्यापारियों के अनुसार देश के दूसरे भागों में मांग बढ़ने के कारण अगस्त माह में गेहूं के भाव में तेजी देखने को मिली। 1 अगस्त को रिकॉर्ड 3 हजार रुपए क्विंटल भाव होने के बाद से ही भाव में तेजी देखने को मिल रही है। शनिवार को गेहूं 3 हजार 131 रुपए क्विंटल बिका। जबकि न्यूनतम भाव भी 2395 रुपए क्विंटल पर पहुंच गए। केंद्र सरकार द्वारा गेहूं को लेकर जो दिशा-निर्देश जारी किए है। उससे भाव काबू में आएंगे लेकिन इसमें समय लगेगा। फिलहाल भाव इसी के आस-पास रहेंगे।



Post A Comment: