धार~प्रस्तावित दौरा- 26 किमी का मोहनखेड़ा से मांगोद तक सीएम का होगा रोड़-शो~~
सरदारपुर-राजगढ़-मांगोद में जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम तय, प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर किए इंतजाम~~
मौसम साफ रहा तो सड़क मार्ग से इंदौर लौटने के दौरान घाटाबिल्लौद तक करीब 60 किलोमीटर के मार्ग का सफर भी रोड-शो की तरह करेंगे~~
धार~( डॉ. अशोक शास्त्री )
धार। लाड़ली बहना योजना में सवा करोड़ महिलाओं को दूसरी मर्तबा 1 हजार की राशि अंतरित करने के कार्यक्रम में इंदौर आ रहे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का धार का सम्मेलन कार्यक्रम तय माना जा रहा है। प्रस्तावित इस दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने मोहनखेड़ा तीर्थ में ‘लाड़ली बहना सेना सम्मेलन’ के आयोजन को लेकर व्यापक इंतजाम कर लिए है। प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज सोमानी सहित अन्य नेताओं ने तैयारियों का जायजा लिया है। अभी अधिकृत कार्यक्रम नहीं आया है, किंतु तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सीएम की मौजूदगी के मद्देनजर कार्यक्रम में अन्य कार्यक्रम जोड़कर इसे विस्तारित किया गया है। इसके तहत मोहनखेड़ा से राजगढ़, सरदारपुर होते हुए मांगोद तक करीब 26 किलोमीटर तक सीएम विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसे एक तरह से रोड शो की तरह ही माना जा रहा है। कलेक्टर-एसपी मोहनखेड़ा राजगढ़ का दौरा कर चुके है। वहीं एसडीएम राहुल चौहान भी लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे है। शनिवार को संभागायुक्त पवन शर्मा भी मोहनखेड़ा पहुंचे।
नदी पूजन-छात्र संवाद भी होगा
सीएम के सरदारपुर आगमन पर माही नदी पर उनका कार्यक्रम प्रस्तावित किया जा रहा है। ग्राम खरेली में क्षेत्रीय किसान नर्मदा माही लिंक परियोजना की बड़ी सौगात देने पर मुख्यमंत्री श्री चौहान का साफा बांधकर स्वागत करेंगे। इस दौरान माही नदी पर भी सीएम जा सकते है, जहां पर आरती-पूजन जैसी प्रक्रिया भी कराने की तैयारियां की जा रही है। सीएम के इंदौर से आगमन और उसके बाद मोहनखेड़ा सम्मेलन की समाप्ति के बाद समयानुसार कार्यक्रमों में परिवर्तन भी हो सकता है। सीएम का यह कार्यक्रम राजनैतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। सरदारपुर और उससे लगे मनावर और बदनावर में गत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी जीते थे। ऐसाी स्थिति में यह शासकीय आयोजन राजनैतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
लौटता सफर भी रोड़-शो की तरह
लाड़ली बहना सम्मेलन को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों सहित भाजपा के लोग भी जुट गए है। सरदारपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति की तैयारियां की जा रही है। इधर सरदारपुर क्षेत्र का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सीएम सड़क मार्ग से इंदौर की और लौटेंगे। इस सफर को भी रोड़-शो की तरह करने की तैयारियां की जा रही है। मौसम साफ रहा तो सरदारपुर से घाटाबिल्लौद करीब 60-70 किलोमीटर तक सीएम जगह-जगह कार्यकर्ताओं और जनता का अभिवादन स्वीकार करते और संपर्क करते हुए निकलेंंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया प्रस्तावित कार्यक्रम
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री चौहान सोमवार को सांय 4 बजे मोहनखेड़ा से घाटाबिल्लौद तक रोड़ शो में भाग लेंगे। सभा स्थल से कुक्षी चौराहे, मंडी रोड़, राजगढ़ बस स्टैंड होते हुए शनि मंदिर सरदारपुर के बदनावर तिराहे पर स्वागत होगा। वहां से मांगोद-मारोल से धार बायपास ब्रिज के नीचे भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। उटावद और गुणवाद से घाटाबिल्लौद में रोड़ शो का समापन होगा।
यह भी रहेंगे मौजूद
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि इस दौरान खेल आयोग अध्यक्ष डॉ निशांत खरे, कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, भाजपा संगठन जिला प्रभारी श्याम बंसल, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी, सांसद छतर सिंह दरबार, प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल, पूर्व मंत्री रंजना बघेल, धार विधायक नीना वर्मा, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं भाजपा वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
Post A Comment: