धार~लोक कल्याण- राष्ट्र प्रगति के नाम समर्पित रहे 9 साल, वैश्विक पटल पर भारत का सम्मान बढ़ा- डॉ खरे~~

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 9 वर्ष पूर्ण होने पर पत्र परिषद् में भाजपा नेताओं ने बताई प्रमुख उपलब्धियां~~

मंत्री, सांसद, विधायक ने भी दिया ब्यौरा, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमानी ने विशेष अभियान का वृत्त पेश किया~~

धार~( डॉ. अशोक शास्त्री )




धार। देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 9 वर्ष पूर्ण हो गए है। बीते 9 वर्ष देश की प्रगति, वैश्विक पटल पर भारत के गौरव को बढ़ाने और आम नागरिक की प्रगति के नाम समर्पित रहे है। 9 साल के कार्यों का संक्षिप्त समय और शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता है। इन 9 सालों को 9 बिंदुओं के माध्यम से आसानी से समझा जा सकता है। इन 9 बिंदुओं में सबसे प्रमुख बिंदु है गरीबों के आर्थिक, सामाजिक प्रगति का है। केन्द्र सरकार ने पीएम आवास योजना, अन्न योजना, आयुष्मान योजना सहित कई योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक जरूरतमंद नागरिक को हर तरीके से सुविधा देने का प्रयास किया है। दूसरे नंबर पर देश की आंतरिक सुरक्षा शामिल है। बीते 9 सालों में देश में कहीं भी बड़ा दंगा-विवाद-फसाद नहीं हुआ है। इस तरह की घटनाओं पर रोक लगी है। लोक शांति का वातावरण है। वैश्विक पटल पर भारत के समक्ष विश्व के बड़े-बड़े देश नतमष्तक होकर अभिवादन कर रहे है। पूरा विश्व भारत की और आशा भरी निगाहों से देख रहा है। यह सब 9 सालों में हुआ है। यह बात बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 9 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को पत्र परिषद् के माध्यम से बताते हुए युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ निशांत खरे ने धार में कही। इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजवर्द्धनसिंह दत्तीगांव, सांसद छतरसिंह दरबार, जिलाध्यक्ष मनोज सोमानी, विधायक नीना वर्मा एवं उपलब्धि कार्यक्रमों के लोकसभा प्रभारी व प्रदेश किसान मोर्चा महामंत्री दिलीप पटोंदिया मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने किया। आभार सह मीडिया प्रभारी दीपकसिंह रघुवंशी ने माना।
सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाया, भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया
डॉ खरे ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को 9 बिंदुओं में गिनाते हुए बताया कि सरकार की कार्यशैली में परिवर्तन आया है भ्रष्टाचार पर रोक लगी है। टेक्नोलॉजी का उपयोग बढ़ा है। हम डिजिटल व्यवस्था की और बढ़ रहे है। पहले इसका उपहास उड़ाया जाता था, लेकिन लोग इसे स्वीकार करने लगे है। जन-धन योजना में महिलाओं के खाते खाले गए। आज उनमें बचत होने लगी है। डॉ खरे ने कहा कि मोदी सरकार में सांस्कृतिक मान बिंदुओं की प्रतिष्ठा के साथ पुर्नस्थापना और वैभव लौटाने का काम हुआ है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर देखे या महाकाल लोक को देखिये। सब जगह पर हमारे धार्मिक गौरवों को सुव्यवस्थित तरीके से तैयार किया गया है। पहले सेंगोल के बारे में काई नहीं जानता था अब आम नागरिक भी उसके अस्तित्व और गौरव गाथा को लेकर चर्चा करता है। जम्मू कश्मीर में धारा 370 और 35 ए को हटाने की बात पर हऊवा बना दिया जाता था। सरकार ने इन्हें हटाया है। आज जम्मू कश्मीर का पर्यटन 400 गुना बढ़ गया है। सरकार ने 80 करोड़ नागरिकों को अन्न आपूर्ति की व्यवस्था को निरंतरता दी है। शैक्षणिक क्षेत्र हो या स्वास्थ्य क्षेत्र हर क्षेत्र में देश प्रगति पथ पर अग्रसर है। एक बेहतर राष्ट्र निर्माण के लिए हर संभव प्रयास किए गए।
उद्योग क्षेत्र में 24 प्रतिशत की ग्रोथ हुई
पत्र परिषद् में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्द्धनसिंह दत्तीगांव ने प्रदेश सरकार के औद्योगिक क्षेत्र के विकास को लेकर किए गए प्रयास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24 प्रतिशत की ग्रोथ औद्योगिक क्षेत्र बढ़ाने में हुई है। पीथमपुर में बड़ी-बड़ी कंपनियां आ रही है। प्रदेश सरकार की बेहतर नीतियों और साख ने बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों को मप्र की और आकर्षित किया है। लाखों-करोड़ों के निवेश आ रहे है। इससे सरकार के राजस्व में वृद्धि होगी और युवाओं को मांग के अनुरुप रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि उद्योग आते है तो क्षेत्र का विकास होता है। पहले बदनावर की भैंसोला चौपाटी पर शाम 6 बजे के बाद कोई नहीं गुजरता था। केन्द्र सरकार के प्रयास से प्रदेश को पहला पीएम मित्र मेगा टेक्सटाईल पार्क लगाने का अवसर मिला है। यह भैंसोला में लग रहा है। जहां कोई गुजरता नहीं था वहां आज 50 लाख से लेकर 1 करोड़ बीघा तक के जमीन के भाव हो गए है। बदनावर में उद्योग लगने का लाभ आसपास के जिलों के युवाओं को भी मिलेगा। खेरवास में 600 करोड़ के प्लांट लगे है। दौत्रिया में साढ़े 600 करोड़ के निवेश के साथ औद्यागिक इकाई स्थापित हो रही है। इस तरह प्रदेश में उद्योगों को लेकर बेहतर वातावरण बना हुआ है।
रेलवे लाईन सबसे बड़ी सौगात- सांसद
सांसद छतरसिंह दरबार ने मोदी सरकार की क्षेत्र को दी गई सौगातों के संबंध में बताते हुए कहा कि मौत का घाट बन चुके गणेश घाट को सुधारने के लिए केन्द्र ने निधि स्वीकृत की है। धार जिले एवं आसपास के आदिवासी जिलों को राज्यों से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रेल लाईन छोटा उदयपुर-इंदौर तथा मक्सी गोधरा रेलवे लाईन के कांग्रेस सरकार में बंद पड़े कार्यों को पुन: प्रारंभ करवाया गया। इस वर्ष 855 करोड़ रुपये का आवंटन जारी किया गया है।
विशेष अभियान का वृत्त पेश किया
पत्र परिषद् में भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष में भारतीय जनता पार्टी ने 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इस अभियान में लोकसभा के 1000 से अधिक विशिष्ट परिवारों से संपर्क और सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संपर्क करेंगे। इसके साथ ही लोकसभा के अधिक से अधिक बूथों पर अलग-अलग कार्यक्रम होंगे।
आज हर पंचायत मुख्य मार्ग से जुड़ी- विधायक  
धार विधायक नीना वर्मा ने बताया कि धार विधानसभा क्षेत्र में बतौर विधायक विकास के लिए बड़े पैमाने पर काम करवाए है। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का भरपूर सहयोग मिला है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में हमने विधायक निधि से आॅक्सीजन प्लांट लगवाया। सिटी स्केन मशीन सहित कई चिकित्सीय उपकरण सीएसआर मद से उपलब्ध करवाए। क्षेत्र को दो सीएम राईज स्कूल मिले है। लॉ कॉलेज की सुविधा प्रारंभ हो रही है। मेडिकल कॉलेज के लिए सीएम श्री चौहान ने घोषणा की है। वह जो घोषणा करते है उन्हें पूरा करते है। हमने पेयजल आपूर्ति को नागरिक सुलभ बनाया। हमने 2050 की आबादी को लक्षित करते हुए केन्द्र की अमृत-2 योजना से क्षेत्रों में लाईन बिछाने के साथ नर्मदा से पानी लाने की तैयारियां शुरु कर दी है। पीथमपुर जैसे बड़े क्षेत्र में संजय जलाशय पर उद्योग, सिंचाई एवं पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था में बड़ा सुधार किया। इसकी निर्भरता को संक्षिप्त किया एवं वहां भी नर्मदा का पानी लिफ्टिंग की व्यवस्था करवाई है। आज क्षेत्र की प्रत्येक पंचायतें मुख्य सड़कों से जुड़ी है। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार काम हो रहे हैं और हुए है।  
यह थे मौजूद
पत्र परिषद् के दौरान भाजपा के विशेष जनसंपर्क अभियान के संयोजक जिला महामंत्री सन्नी रिन, सह संयोजक नीलेश भारती, जिला उपाध्यक्ष विश्वास पांडे, नगर मंडल अध्यक्ष विपिन राठौड़, सोशल मीडिया जिला संयोजक राघवेन्द्र सिंह रघुवंशी आदि उपस्थित थे ।
Share To:

Post A Comment: