धार~रामायण पाठ हुए पढ़ी हनुमान चालीसा, मंदिरों में जन्मोत्सव पर विशेष शृंगार~~
हनुमान मंदिर में हुआ भंडारा, जिले में जगह-जगह भजन के आयोजन ~~
हनुमान जन्मोत्सव पर शहर के हनुमान मंदिरों में विशेष पूजन, अर्चना की गई। जन्मोत्सव के तहत मंदिरों को आकर्षक रोशनियों व फूलों से सजाया गया था। वहीं पवनपुत्र का जन्म उत्सव मनाने के पूर्व उनके आराध्य देव भगवान श्रीराम का स्मरण किया गया। अनेकों मंदिरों में सुंदरकांड, रामायण और हनुमान चालीसा के पाठ हुए। दोपहर 12 बजे मंदिरों में हनुमान जी की आरती के साथ भोजन-भंडारे का आयोजन हुआ। जिला मुख्यालय के हनुमान मंदिरों में सुबह से लेकर शाम तक लोग दर्शन के लिए आते रहे। श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर पर सात दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजनों और मेले की शुरुआत हो गई है। इधर भक्तांबर तीर्थ के सामने स्थित श्री अमृतवीर हनुमान मंदिर पर भी अनेक धार्मिक अनुष्ठान किए गए। प्रात: श्री हनुमानजी का अभिषेक किया गया। इसके पश्चात आकर्षक रूप से शृंगार किया गया। इस दौरान बाबा को छप्पन भोग भी लगाया गया। वहीं महाआरती की गई। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
महाआरती के हुए आयोजन
गुरुवार 6 अप्रैल हनुमान जन्मोत्सव पर धार शहर स्थित नृसिंह चौपाटी पर स्थित सिद्घेश्वर हनुमान मंदिर, धानमंडी चौराहे के श्री रोकड़िया हनुमान मंदिर, पुलिस लाईन बस स्टैंड पर स्थित श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर, पौ-चौपाटी स्थित वीर हनुमान मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, झिरन्या स्थित हनुमान मंदिर, छोटा आश्रम स्थित हटीले हनुमान मंदिर, देवी सागर तालाब स्थित वीर हनुमान मंदिर, कोर्ट परिसर स्थित सच्चा हनुमान मंदिर, धारेश्वर स्थित हनुमान मंदिर और विभिन्न कॉलोनियों के मंदिरो में विशेष रूप से महाआरती के आयोजन हुए। भक्तों ने प्रात: हनुमान मंदिर पर जाकर बाबा की पूजा-अर्चना की। भक्तों को प्रसादी के रूप में चना-चिरोंजी वितरित की गई।
श्री खेड़ापति मंदिर परिसर में मेला शुरु
थाना परिसर स्थित प्राचीन श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में भी हनुमान जन्मोत्सव 6 अप्रैल से 15 अप्रैल तक मेले का आयोजन शुरु हो गया है। मेले में 11 अप्रैल को सुंदरकांड प्रतियोगिता रखी गई है। जिसमें विभिन्न मंडलियां सुंदरकांड का पाठ करेगी। वहीं 12 अप्रैल को बाबा खाटूश्याम कीर्तन का आयोजन किया गया। इसी तरह 9 अप्रैल को प्रसिद्ध भजन गायक मनीष तिवारी भजन संध्या के माध्यम से अपने भजनों की प्रस्तुति देंगे। वहीं 10 अप्रल को महाकाल भजन संध्या व 8 अप्रैल को शशांक तिवारी कुंदनपुर द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। छोटा आश्रम के पीछे हटीले हनुमान पर भी हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की।



Post A Comment: