धार~नमाज के बाद गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद, सैवइयों से की मेहमान नवाजी ~~
‘मीठी ईद’ जिले में शांति-सौहार्द्र के वातावरण में मनी, लाट मस्जिद में हुई ईद की नमाज~~
पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने दी समाजजनों को मुबारकबाद, शहरकाजी वकार सादिक ने दिए गुलदस्ते~~
जिले में ईदउलफितर का त्योहार शांति और सौहार्द्र के साथ ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा करके मनाया गया। नमाज के पश्चात मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद मुबारक कही। जिला मुख्यालय पर लाट मस्जिद में नमाज अदा की गई। ईद की नमाज पढ़ने के लिए सैकड़ों की संख्या में समुदाय के लोग पहुंचे थे। महत्वपूर्ण पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन के अधिकारी भी लाट मस्जिद पहुंचे थे। जहां पर शहरकाजी वकार सादिक सहित मुस्लिम समुदाय के लोगों का प्रशासनिक अधिकारियों ने मुबारकबाद देकर अभिवादन किया। इस दौरान जिपं सीईओ शृंगार श्रीवास्तव, एएसपी देवन्द्र पाटीदार, सीएमओ निशिकांत शुक्ला सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
बड़े गले मिले, बच्चों को दी ईदी
इस्लाम में इबादत के सबसे पवित्र माह रमजान के 30 रोजे पूरे होने के बाद शुक्रवार रात को ईद का चांद दिखाई दिया था। चांद दिखते ही मुस्लिम समुदाय के लोगों में पर्व का उल्लास छा गया। रमजान के 30 दिन समुदाय के लोगों ने खुदा की इबादत में पूरा समय बिताया। बच्चें, बुढ़े, जवानों ने अपनी-अपनी श्रद्धा के हिसाब से रोजे रखे। 30 रोजे पूर्ण होने के बाद मीठी ईद पर एक-दूसरे को मुबारकबाद देकर सैवईया खिलाई गई। चौराहों से लेकर गली-मोहल्लों में समुदाय के लोग एक-दूसरे को गले मिलकर बधाइयां देते रहे। इधर बच्चों को ईद पर बड़ों से ईदी के रूप में तोहफे और नकद राशि मिली। पर्व के मद्देनजर सुबह से ही बच्चों से लेकर बुजुर्ग ईद की खुशियों के रंग में सराबोर दिखे। नवीन परिधान में लोग अपने रिश्तेदारों और मित्रों के यहां ईद की मुबारकबाद देने पहुंचे।
बॉक्स-1
बेहतर इंसान वह जो दिल में नबी का इश्क रखें-शहरकाजी
शनिवार को लाट मस्जिद परिसर में शहरकाजी वकार सादिक ने ईद की नमाज अदा करवाई। ईद का खुतबा दिया। उन्होंने समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सबसे बेहतरीन इंसान वह है जो अपने दिल में नबी का इश्क रखें और इंसानियत की कद्र करें। सजदे में सिर झुकाने के पश्चात दुआओं में देश, प्रदेश और शहर में अमन-शांति की कामना की। प्रेस से चर्चा के दौरान श्री सादिक ने बताया कि धार गंगा-जमुनी तहजीब का शहर है। यहां आपसी भाईचारा है। यह हमेशा कायम रहे। यह दुआ हमेशा करते है। हम सब समुदाय के लोग मिलकर देश-प्रदेश की तरक्की के लिए हमेशा काम करेंगे। इसी के साथ सभी लोगों ने आपस में एक-दूसरे को गले मिलकर खुशी का इजहार किया और ईद की बधाइयां दी। व्यवस्थाओं के लिए शहर शहर काजी ने प्रशासन एवं नगरपालिका का धन्यवाद शुक्रिया अदा किया।


Post A Comment: