धार ~बहनों का रविवार- अवकाश के दिन भी जमा किए लाड़ली बहना योजना फार्म~~

नपा सीएमओ ने किया कैम्पों का निरीक्षण, 6 को लापरवाही पर नोटिस~~

धार ( डाॅ. अशोक शास्त्री )।

 मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को लेकर सरकारी अमला काफी मुस्तैद नजर आ रहा है। धार नगरपालिका में सीएमओ निशिकांत शुक्ला ने रविवार अवकाश के दिन भी कैम्प के आयोजन करवाए। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उपस्थित होकर अपने फार्म जमा करवाए। नगरपालिका के कैम्पों का सीएमओ ने निरीक्षण भी किया। इसमें इंदौर नाका कैंप बंद पाए जाने पर कर्मचारियों को फटकार लगाई। वहीं अन्य केंद्रों पर छह कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। अवकाश के दिन फार्म जमा होने से बहनों का रविवार हो गया। जहां उनके साथ परिवार के पुरुष सदस्य फार्म जमा करवाने आए थे। वहीं केन्द्रों पर उन्होंने फार्म जमा करने के लिए सेल्फी भी ली।
सर्वर ने भी पकड़ी रफ्तार
25 मार्च से इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के फार्म जमा होना शुरु हो गए है। पहले दिन शनिवार को सर्वर सुस्त रहा। जिसके कारण महिलाओं को काफी देर तक केन्द्रों पर इंतजार करना पड़ा था। इन स्थितियों के बाद आॅफलाईन फार्म लिए गए, जिन्हें आॅनलाईन करवाया जाएगा। इधर रविवार को कर्मचारियों की मुस्तैदी देखते हुए सर्वर ने भी रफ्तार पकड़ ली। इसके कारण काम में गति रही। केन्द्रों पर महिलाओं को परेशान नहीं होना पड़ा। रविवार को नगर पालिका द्वारा कैंप लगाए गए। इसमें वार्ड क्रमांक 1 से 10 तक के लिए शहर में कुल 4 कैंप लगाए गए हैं।  
ईकेव्हायसी भी जारी
इस योजना में 30 अप्रैल तक फार्म लिए जाएंगे, किंतु केन्द्रों पर फार्म जमा करने की महिलाओं में होड़ मची हुई है। इधर बड़ी संख्या में अभी भी महिलाओं की समग्र-आधार केव्हायसी नहीं हो पाई है। आॅनलाईन सेंटरों पर केव्हायसी के लिए भी महिलाएं पहुंच रही है। नगरपालिका द्वारा भी लोगों को सूचित किया जा रहा है कि ईकेव्हायसी निशुल्क है। केन्द्रों पर पैसा ना दें। मोबाईल के माध्यम से भी ईकेव्हायसी हो सकती है, लेकिन ई-नॉलेज की कमी और जोखिम से बचने के लिए लोग एमपी आॅनलाईन सेंटरों पर ही जा रहे है।
Share To:

Post A Comment: