धार~अनुबंध-कार्य आदेश जारी, आधुनिक बस स्टैंड निर्माण की कार्य अवधि 12 महीने~~

नेताओं ने भूमिपूजन में देरी की तो बढेÞगी निर्माण अवधि, लोकसभा चुनाव तक आकार लेने की उम्मीद~~

धार ( डाॅ. अशोक शास्त्री )। 

शहर को विस्तृत परिसर के साथ आधुनिक बस स्टैंड की सौगात लोकसभा चुनाव के पूर्व मिलने की उम्मीदें बंध गई है। नवीन बस स्टैंड निर्माण के लिए नगरपालिका ने उज्जैन की इंजीनियर संजय बागड़ी फर्म के साथ निर्माण अनुबंध कर लिया है। इसी के साथ 24 मार्च को निर्माण के कार्य आदेश जारी कर दिए गए हैं। 12 महीने की अवधि कार्य पूर्ण करने के लिए तय की गई है। इस लिहाज से मार्च 2024 तक निर्माण पूर्ण होना है। यदि किसी कारणवश काम में देरी होती है तो भी 2024 के अंत तक काम पूर्ण हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि शहर की बढ़ती आबादी के मद्देनजर लंबे समय से विस्तृत परिसर वाले बस स्टैंड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नवीन बस स्टैंड निर्माण से वह जरूरत पूर्ण हो जाएगी।
भूमिपूजन में देरी ना हो
शहर के आम पब्लिक से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में नगरपालिका ने भले ही कार्य आदेश जारी कर दिए हो, लेकिन काम कब से शुरु होगा यह सब भूमिपूजन पर निर्भर है। नियम के अनुसार जिस दिन से कार्य आदेश जारी होता है निर्माण अवधि उसी दिन से प्रारंभ हो जाती है। ऐसे में यदि भूमिपूजन लेट होता है तो निर्माण कार्य प्रभावित होगा। ध्यान रहे कि निकाय में अभी तक पीआईसी का गठन नहीं हो पाया है। ऐसी स्थिति में इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के भूमिपूजन में सांसद, विधायक से लेकर चुनाव का सामना करने वाले सभी लोगों को शामिल किया जाएगा। सीएम के हाथों यदि भूमिपूजन की प्लानिंग बनाई जाती है तो और देरी हो सकती है। हालांकि इसकी संभावनाएं कम है, क्योंकि बस स्टैंड निर्माण का काम यदि जल्द शुरु होता है और अगले वर्ष तक पूर्ण होता है तो विधानसभा और लोकसभा चुनाव में इसका लाभ पार्टी को मिलेगा।
दो टेंडर जारी, पेड नहीं हटे
ंबस स्टैंड निर्माण की प्रस्तावित भूमि पर करीब 35 के लगभग पेड़ निर्माण में बाधक है। इन्हें जड़ सहित हटाने के लिए नगरपालिका ने दो मर्तबा सार्वजनिक टेंडर आमंत्रित किए है, किंतु कोई भी पेड़ हटाने के लिए आगे नहीं आया है। दरअसल जो आ रहे हैं वह न्यूनतम राशि दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में पेड़ हटाने का काम अटका हुआ है। इसके हटने के बाद ही ठेकेदार द्वारा काम शुरु किया जाएगा।
0.8 हैक्टेयर में बनेगा  
शहर का बस स्टैंड उस दौर में बनाया गया था जब राज्य परिवहन निगम की चंद बसें चलती थी और दर्जन भर बसों का आना-जाना होता था। शहर की आबादी कम थी। बसों की संख्या कम थी। विगत दो दशक में प्रायवेट बसों का चलन बढ़ा है। इसी के साथ आबादी और बसों की संख्या बढ़ गई, लेकिन बसों के संचालित होने का स्थल बस स्टैंड का विस्तार नहीं हो पाया। नतीजे में प्रतिदिन बसों के आने-जाने के दौरान जाम की स्थिति बनती है। बस स्टैंड के नवीनीकरण और विस्तारीकरण करीब 0.8 हैक्टेयर भूमि पर होगा। 13 करोड़ के इस प्रोजेक्ट में 5 करोड़ की राशि जारी हो चुकी है।
प्रायवेट-चार्टेड का एक परिसर रहेगा
आधुनिक बस स्टैंड विस्तृत परिसर के लिहाज से ही नहीं बल्कि हर लिहाज से नागरिकों के लिए सुविधापूर्ण रहेगा। यहां पर प्रायवेट बसों के साथ चार्टेड बसों का भी संचालन होगा। व्यवस्थित फुड झोन, मार्केट और सबसे महत्वपूर्ण दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्टैंड भी रहेगा। इसमें भविष्य में तीन पहिया वाहनों का स्टैंड भी सुविधा की दृष्टि से उपयोग किया जा सकेगा।  
इनका कहना है
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। धार शहर को आधुनिक बस स्टैंड की सौगात भी सरकार द्वारा दी जा रही है। इसका कार्य आदेश जारी हो गया है। जल्द ही भूमिपूजन और निर्माण कार्य होगा। कोशिश रहेगी समयावधि में यह काम पूर्ण हो और धार के लोगों को यह सौगात सौंपी जा सके।
-श्रीमती नेहा महेश बोड़ाने, नपाध्यक्ष धार
Share To:

Post A Comment: