सिलावद~ डबल की लालच में फंसे लाखों रूपए
सहारा ने किया बेसहारा~~

सवा सौ लोगों के 30 से 35 लाख रूपए सहारा कंपनी में फंसे~~

पीड़ित लोग पहुंचे पुलिस थाने~~

जयेश सोनी, सिलावद~~

किसी समय में देश की नामी कंपनियों में शुमार रही सहारा इंडिया कंपनी का नाम सुनकर उसमें डबल पैसे होने की लालच में लाखों रूपए की एफडी कराने वाले उपभोक्ता अब पैसा न मिलने से दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। कंपनी में सिलावद के करीब सवा सौ लोगों के 30 से 35 लाख रूपए जमा है। इन लोगों को कंपनी के एजेंटों ने एफडी कराने पर छह साल में पैसा डबल होने की लालच दी थी। पैसा डबल होने की चाह में लोगों ने कंपनी के एजेंटों पर भरोसा करते हुए किसी ने हजारों तो किसी ने लाखों रुपए की एफडी करा दी। जब एफडी की समय सीमा खत्म हो गई और लोग अपना पैसा लेने कंपनी के आफिसों में गए तो अधिकारी टालमटोल करने लग गए। कुछ को एजेंट जल्द पैसा मिलने का भरोसा दिलाते रहे तो कुछ अधिकारी सेबी द्वारा कंपनी के बैंक खाते सील होने की बात कहकर पल्ला झाड़ते रहे। एजेंटों और अधिकारियों के इस तरह के रवैये के चलते अब लोगों को उनका पैसा डूबने का डर सताने लगा है। इसे लेकर कुछ उपभोक्ताओं ने गत माह बड़वानी कलेक्टर तथा एसपी से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई थी। वहीं मंगलवार को सिलावद पुलिस थाने पर पहुंचकर उपभोक्ताओं ने इस मामले की शिकायत थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया से की। जिस पर कंपनी के अधिकारियों को थाने पर बुलाकर उनसे पूछताछ की गई। कंपनी के इंदौर से आए फील्ड ऑफिसर संतोष तिवारी तथा बड़वानी शाखा के ब्रांच मैनेजर
टीकमसिंह चौहान से थाना प्रभारी ने उपभोक्ताओं की मौजूदगी में करीब एक घंटे तक पूछताछ कर जानकारी हासिल की। कंपनी के फील्ड ऑफिसर संतोष तिवारी ने 21 जनवरी तक का समय मांगा है। उन्होंने बताया कि वे कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले से अवगत कराकर उपभोक्ताओं की शिकायत का निराकरण कराने का प्रयास करेंगे। उल्लेखनीय है कि सहारा कंपनी में एफडी कराने वाले उपभोक्ताओं में से किसी को तीन से छह माह तो किसी-किसी को दो साल बाद भी अपना पैसा नहीं मिल पाया है। इसे लेकर वे पिछले काफी समय से परेशान हो रहे हैं। मंगलवार को थाने पर शिकायत के दौरान फिरोज मंसूरी, निजामुद्दीन शेख, सादाब खान, शाहनवाज शेख, शाजहां पठान, वसीम पठान, सोहन राठौड़, शेरखा पठान, नीरज व्यास, साबीर कुरैशी, विकास सेन सहित कंपनी में एफडी कराने वाले अन्य कई उपभोक्ता मौजूद थे।
==========================
पैसा नहीं मिला तो रोकना पड़ी बेटे की शादी
-------------------------------------------------
पैसा डबल होने की चाह में अपने खून पसीने की कमाई सहारा कंपनी में जमा कराने वाले उपभोक्ता अब पैसों के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हो गए हैं। यह पैसा किसी ने बेटे की शादी के लिए तो किसी ने अपने अन्य कार्यों के लिए जमा कराया था, लेकिन अब पैसा न मिलने से लोगों के सपने अधूरे रह गए हैं। सिलावद के शंकर वर्मा ने बताया कि गत वर्ष अप्रैल माह में उनके बेटे की शादी होने वाली थी। सहारा में जमा पैसा मिल जाने की उम्मीद में उन्होंने शादी की सारी तैयारी कर ली थी। लेकिन ऐनवक्त पर कंपनी के अधिकारियों ने फंड में पैसा न होने की बात कहकर हाथ ऊंचे कर दिए, ऐसे में उन्हें बेटे की शादी रोकना पड़ी। इससे उनकी समाज में भी बदनामी हुई। वहीं फिरोज मंसूरी ने बताया कि पिपल्या (कुक्षी) निवासी उनकी बहन सलमा ने भी बेटे की शादी को लेकर कंपनी में एफडी कराई थी, लेकिन समय पर पैसा वापस न मिल पाने से उन्हें भी आर्थिक रूप से परेशान होना पड़ रहा है। इन्हीं की तरह अन्य उपभोक्ता भी परेशान हो रहे हैं, जो न्याय के लिए शासन-प्रशासन का मुंह ताक रहे हैं।
=========================
जांच के बाद कार्रवाई करेंगे
----------------------------------
सहारा इंडिया कंपनी में एफडी कराने वाले लोगों ने उन्हें उनका पैसा वापस न मिलने की लिखित में शिकायत की है। कंपनी के अधिकारियों ने एक सप्ताह में इसका निराकरण करने की बात कही है। यदि निराकरण नहीं हुआ तो पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
@ अर्जुन सेमलिया
टीआई, पुलिस थाना सिलावद
=======================
सेबी में प्रकरण चलने से रुका पैसा
--------------------------------------------
सहारा कंपनी का सेबी में प्रकरण चल रहा है। इस वजह से कई लोगों को पैसा रिटर्न नहीं मिल पाया है। हम कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले से अवगत करा रहे हैं। एक सप्ताह में इस मामले का निराकरण कराएंगे।
@ संतोष तिवारी
फील्ड ऑफिसर, सहारा इंदौर
==========================

Share To:

Post A Comment: