झाबुआ~~निजी स्कूलों को प्रवेश से पहले देना होगी फीस की जानकारी-ड्रॉप आउट बच्चों को मिलेगा प्रवेश~~
झाबुआ। संजय जैन~~
शिक्षा का अधिकार कानून के पालन में नए शिक्षण सत्र 2018-19 में प्राइवेट स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही। निजी स्कूलों में 25 फीसदी सीटों पर निशुल्क प्रवेश देने के निर्देश जारी किए हैं। इस बार स्कूलों को प्रवेश से पहले फीस की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करना है।
* फीस पोर्टल पर दर्ज कराना होगी
गैर अनुदान प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूल प्रबंधन को फीस पोर्टल पर दर्ज कराना होगी। इसकी समय सीमा तय की गई है। आरटीई के प्रवेश के लिए कक्षा एवं सीटें भी पोर्टल पर दर्ज करना होंगी। इन्हें चेक कर पोर्टल पर लॉक किया जाएगा। इसके लिए गठित समिति स्कूल की ग्राम व वार्ड का चिह्नांकन करेगी। दावे-आपत्ति लेकर इनका निर्धारित तारीख तक निराकरण किया जाएगा।
* प्रवेशोत्सव से पहले ड्रॉप आउट बच्चे हुए चिह्नित
प्रवेशोत्सव से पहले घर-घर सर्वे कर स्कूल से वंचित और ड्रॉप आउट बच्चों के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। इस साल 10 फीसदी बच्चों के नवीन प्रवेश का लक्ष्य शिक्षकों को दिया है। लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई होगी। इस बार स्कूल चलें अभियान चार चरणों में होगा। प्रथम चरण में ग्राम वार्ड शिक्षा पंजी,समग्र शिक्षा पोर्टल,समग्र डाटाबेस एवं डाइस डाटाबेस की जानकारी अपडेट की जाएगी। गौरतलब है आरटीई के तहत कई स्कूल संचालक मनमानी करके गरीब पात्र विद्यार्थियों को नियमों का हवाला देते हुए प्रवेश नहीं देते तथा इन सीटों को भी सामान्य तरीके से भरकर छात्र से फीस ले लेते हैं तथा सीट को आरटीई में भरना बता देते हैं।
* प्रतिदिन के प्रवेश की सूचना अपडेट करना होगी
स्कूलों में होने वाले प्रवेश की प्रतिदिन की सूचना अपडेट होगी। जिला मुख्यालय में प्रत्येक स्कूल में प्रवेश की सूचना आएगी। शिक्षा विभाग के अधिकारी इन प्रवेश की मॉनिटरिंग करेंगे।

Post A Comment: