बड़वानी ~हिंदू बच्चों से मस्जिद बनवाने पर मचा बवाल, हरसुख दिगंबर स्कूल का कार्यक्रम निरस्त~~
प्राचार्य सदानंद दुबे ने मांगी सार्वजनिक माफी~~
बड़वानी।पार्टी नाके पर स्थित हरसुख दिगंबर स्कूल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रस्तावित कला प्रदर्शन कार्यक्रम उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब हिंदू बच्चों से थर्माकोल की मस्जिद बनवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आते ही हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया और मामला गरमा गया।
हिंदू संगठन के पदाधिकारी नवनीत सिंह ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की आड़ में एकतरफा तरीके से हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश दिया जा रहा था। सूचना मिलते ही संगठन के पदाधिकारी स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह का प्रयास दोबारा किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की होगी।
विवाद बढ़ने के बाद स्कूल परिसर में बनाई गई थर्माकोल की मस्जिद को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं कई अभिभावकों ने भी नाराजगी जताते हुए इसे बच्चों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया और प्राचार्य को हटाने की मांग तक कर डाली।
मामले पर सफाई देते हुए हरसुख दिगंबर स्कूल के प्राचार्य सदानंद दुबे ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के लिए प्रस्तुति की तैयारी की जा रही थी। उन्होंने स्वीकार किया कि कार्यक्रम की तैयारी के दौरान कुछ वर्गों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
प्राचार्य सदानंद दुबे ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए बताया कि विवाद को देखते हुए कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है और इसकी सूचना जिला प्रशासन को भी दे दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में स्कूल में कोई भी ऐसा आयोजन नहीं किया जाएगा जिससे किसी भी समाज या धर्म की भावनाएं आहत हों।

Post A Comment: