बड़वानी~ 50 से अधिक स्थानों पर भारत माता की आरती संपन्न नवलपुरा में भूमि पूजन ओर हुई आरती नगर में दिखा उत्साह~~

बड़वानी। मां नर्मदा हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के तत्वाधान में बुधवार रात्रि नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भारत माता की आरती का आयोजन किया गया। नगर में लगभग 50 से अधिक स्थानों पर सामूहिक आरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन, महिला मंडल व युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आरती के दौरान स्थान–स्थान पर देशभक्ति गीतों व नारों का वातावरण गूंजता रहा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष चक्रेश पहाड़िया ने बताया कि यह कार्यक्रम आगामी 15 जनवरी 2026 को नगर की बस्तियों में होने वाले 12 हिंदू सम्मेलनों की पूर्व तैयारी के रूप में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन से पूर्व समिति द्वारा संपर्क अभियान, प्रभात फेरी, सुंदरकांड व रामायण पाठ के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
पहाड़िया ने कहा कि वर्ष 2026 के आगमन से पूर्व की गई आरतियाँ राष्ट्रभक्ति और “राष्ट्र सर्वोपरि” की भावना का प्रतीक हैं और इनसे समाज में एकता व जागरूकता का संदेश जाता है।
नवलपुरा स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर परिसर के पास होने वाले हिंदू सम्मेलन स्थल पर भूमि पूजन, कलश पूजन, आरती एवं प्रसाद वितरण विधिविधान से संपन्न हुआ। वहीं बजरंग बस्ती सहित अनेक मोहल्लों में भी आरती कार्यक्रमों में भारी जनसहभागिता दर्ज की गई।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सांस्कृतिक समरसता और राष्ट्रभावना को मजबूत करते हैं।
Share To:

Post A Comment: