धार~पुलिसकर्मी का बेटा गांजे के साथ गिरफ्तार
बोरी में लेकर आया था तीन किलो गांजा, 200 रुपए में पुड़िया बनाकर बेचता था~~
लूट के प्रकरण में पुलिस को मिली थी जानकारी~~
अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कोतवाली पुलिस टीम द्वारा मंगलवार को कार्यवाही की गई हैं, पुलिस ने एक आरोपी को बस स्टैंड क्षेञ से अरेस्ट किया। आरोपी शहर में मादक पदार्थ बेचने के लिए गांजा लेकर आया था, इसको लेकर आज सुबह ही पुलिस को सूचना प्राप्त हो गई थी। ऐसे में पुलिस टीम बस स्टैंड पहुंची, यहां पर एक गुमटी के पास एक बोरी लेकर युवक खड़ा था। पुलिस टीम को देखकर युवक बोरी छोड़कर मौके से भागने लगा, ऐसे में पुलिसकर्मियों ने भी युवक के पीछे दौडा लगा दी व रोहित पिता जयसिंह भाबर को अरेस्ट करके थाने पर लेकर आई, जहां पर दोपहर के समय पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाने की कार्यवाही पूरी होने के बाद आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।
दरअसल प्रतिमाह होने वाली मासिक समीक्षा बैठक में एसपी मनोज कुमार सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में दो दिन पहले बदनावर पुलिस ने स्मैक के साथ युवकों को पकड़ा था, अब धार शहर में गांजे को लेकर कार्यवाही की गई। थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान के अनुसार एक युवक बस से अवैध मादक पदार्थ लेकर आने की सूचना प्राप्त हुई थी, इसी आधार पर रोहित भाबर को गिरफ्तार किया गया। युवक बोरी में तीन किलो गांजा लेकर आया था, जिसे जप्त कर लिया गया है। रिमांड लेकर आरोपी से गांजा के परिवहन को लेकर पूछताछ होगी, ताकि अवैध गतिविधि से जुड़ी पूरी रैकेट के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्यवाही उनि अशोक लहरी, आरक्षक अरविंद, रामनरेश द्वारा की गई।
पुलिसकर्मी का बेटा निकला आरोपी
कोतवाली पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी रोहित शहर में लोगों को मादक पदार्थ बेचने का काम करता हैं, आरोपी गांजे की पुड़िया 200 रुपए व स्मैक की पुड़िया 500 रुपए में बेचता है। इसके लिए अन्य क्षेत्रों से मादक पदार्थ लेकर आता था, आरोपी रोहित के पिता पुलिस विभाग में ही पदस्थ हैं, इसी कारण ही अभी तक रोहित की गतिविधियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही थी। किंतु गत दिनों पुलिस ने देदला फाटे पर हुई लूट के आरोपियों को अरेस्ट किया था, तब यह बात सामने आई थी कि युवकों ने नशा करके घटना को अंजाम दिया था। साथ ही नशे की पुड़िया रोहित के माध्यम से ही लेकर आने की बात कही थी। जिसके बाद से ही रोहित पर पुलिस की नजर थी।


Post A Comment: