धार ~सराफा कारोबारी ने लौटाई खरीदी हुई अफरा-तफरी की स्वर्ण गिन्नी~~
56 हजार में खरीदी थी, एंटिक होने की जानकारी के बाद 400 की टीप भी दी थी~~
कोतवाली पुलिस ने मकान खुदाई के दौरान मिली स्वर्ण गिन्नी मामले में एक और गिन्नी बरामद करने में सफलता हासिल की है। 87 वीं गिन्नी शहर के राजबाड़ा चौक स्थित सराफा कारोबारी से बरामद की गई है। उक्त गिन्नी व्यापारी ने एक मजदूर से खरीदी थी। इस मामले में पुलिस द्वारा मजदूर को गिरफ्तार करने के बाद व्यापारी रडार पर आए थे। उन्हें पूछताछ के लिए थाने तलब किया गया था। शुक्रवार को व्यापारी ने थाने पहुंचकर खरीदी गई अफरा-तफरी की गिन्नी जब्त करवा दी है। पुलिस अब इस मामले में गिन्नी का परीक्षण कराएगी कि इसके स्वरूप और वजन में कोई छेड़छाड़ तो नहीं की गई है।
400 की टीप दी थी
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार बरमा नाम के एक मजदूर ने खुदाई के दौरान मिली गिन्नियों में से अपने हिस्से से 1 गिन्नी बाजार में बेचने की बात पुलिस के सामने स्वीकार की थी। इसके बाद से पुलिस उक्त गिन्नी को बरामद करने की कोशिश में जुटी हुई थी। व्यापारी की तस्दीक होने के बाद उसे तलब किया गया था। शहर से बाहर होने के कारण व्यापारी शुक्रवार को उपस्थित हुए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बरमा ने करीब 56 हजार में उक्त गिन्नी विक्रय की थी। व्यापारी को उसने अपने खेत में से गिन्नी मिलना बताया था। व्यापारी ने इसकी जांच की तो इसके एंटिक होने की जानकारी मिली। जिसके बाद उसने खुश होकर उसे 400 रुपए का इनाम भी दिया।
यह था मामला
करीब एक सप्ताह पूर्व शहर के गुरुनानक मार्ग पर शिवलाल राठौर नाम के व्यक्ति के मकान की खुदाई में मजदूरों को दो बार मर्तबा में करोड़ों का सोना गिन्नियों और जेवरात के रूप में हाथ लगा था। मजदूरों ने इसे आपस में बांट लिया था। एक गिन्नी के विक्रय से मिले रूपए को खर्च करने के दौरान मामला पुलिस तक पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने 86 स्वर्ण गिन्नी, सोने के टूकड़े और सोने की चेन के टूकड़े 8 मजदूरों से बरामद किए थे। जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ आंकी गई थी। यह सभी गिन्नियां पुरा महत्व की साबित हुई। इसे शासन को सौंपा गया है। इसी मामले में विक्रय की गई गिन्नी को मिलाकर अब कुल 87 गिन्नियां हो गई है।
इनका कहना है
1 मजदूर द्वारा विक्रय की गई गिन्नी सुनार से बरामद की गई है। इस मामले में सुनार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
समीर पाटीदार, टीआई थाना कोतवाली धार
Post A Comment: