सरदारपुर~नवरात्रि से पूर्व अमावस्या की रात्रि में सरदारपुर में होगा भव्य सुंदरकांड, जुटेंगे मालवा के दिग्गज भजन गायक~~
सरदारपुर (भावना सचिन बैरागी)~~
शक्ति की उपासना के महापर्व नवरात्रि के शुभारंभ से ठीक पूर्व, सर्वपितृ अमावस्या के पावन अवसर पर सरदारपुर में प्रतिवर्षानुसार एक विशाल धार्मिक समागम होने जा रहा है। आगामी 10 अक्टूबर, शनिवार को रात्रि ठीक 9:00 बजे से स्थानीय गरबा चौक पर एक भव्य एवं विशाल सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
श्री नव दुर्गा उत्सव समिति, सरदारपुर के द्वारा आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम की पूरी कमान श्री दादा दयालु सुंदरकांड मंडल संभाल रहा है। इस संगीतमय महापाठ में स्थानीय अंचल सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।
मंडल के प्रवक्ताओं ने बताया कि इस वर्ष के आयोजन को और अधिक दिव्य व संगीतमय बनाने के लिए मालवा अंचल के कई प्रतिष्ठित और लोकप्रिय भजन गायकों को आमंत्रित किया गया है। मुख्य कलाकारों में श्री संतोष पंवार, अर्जुनसिंह ठाकुर, लोकेश सोनी, सुनील गर्ग, प्रमोद सोनी, श्रीकांत उपाध्याय, प्रदीप परिहार, भूपेंद्र जोशी, सुधीर तिवारी, निलेश पवार, यश कमेडिया एवं लक्की कमेडिया मंच पर अपनी सुरीली प्रस्तुतियां देंगे।
*वादन के महारथी बिखेरेंगे सुरों का जादू*~~
गायकों को सुरमई संगति देने के लिए वाद्य यंत्रों पर भी मंझे हुए कलाकार मौजूद रहेंगे। ढोलक पर राकेश शर्मा और दिलीप व्यास अपनी थाप का जादू बिखेरेंगे, वहीं ऑक्टोपैड पर जयदीप श्रीवास्तव और पलाश आर्य अपनी बेहतरीन कला से भजनों को नई ऊंचाइयां देंगे।
*हनुमान चालीसा का होगा संगीतमय विशेष पाठ*~~
सुंदरकांड के साथ-साथ वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करने के लिए श्री हनुमान चालीसा का संगीतमय विशेष पाठ भी रखा गया है। यह पाठ पंडित श्री अजय भट्ट एवं देवराज गोराना द्वारा सस्वर प्रस्तुत किया जाएगा।
*क्षेत्र की जनता से धर्मलाभ लेने की अपील*~~
मंडल के प्रवक्ता सुनील गुप्ता, मनोहरलाल चौधरी और युवा नवदुर्गा उत्सव समिति सरदारपुर ने संयुक्त रूप से क्षेत्र की समस्त धर्मप्रेमी जनता, माताओं-बहनों और युवाओं से विशेष अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में गरबा चौक श्रीराम चौराहे पहुंचकर इस दिव्य और भव्य सुंदरकांड पाठ का धर्मलाभ उठाएं।

Post A Comment: