बड़वानी~व्यसन से बचो, सृजन में लगाओ” : 31 मई को बड़वानी में निकलेगी जिला स्तरीय जनजागरण यात्रा~~

बड़वानी :- बड़वानी जिले में “व्यसन से बचो, सृजन में लगाओ” अभियान के तहत 24 मई 2026 से व्यसन मुक्ति सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान बड़वानी कलेक्टर जयंती सिंह के निर्देशन में अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग बड़वानी के संयुक्त तत्वावधान में संचालित हो रहा है।
युवा प्रकोष्ठ जिला समन्वयक लखन विश्वकर्मा एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के उपसंचालक रौनक सोलंकी ने बताया कि सप्ताहभर जिले की विभिन्न तहसीलों में जनजागरण, संपर्क अभियान, संकल्प सभाएँ, मानव श्रृंखला, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएँ, नुक्कड़ नाटक तथा व्यसन मुक्ति से जुड़े रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को नशामुक्त, स्वस्थ एवं संस्कारवान बनाना है। इसके अंतर्गत गायत्री परिवार के कार्यकर्ता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राएं घर-घर संपर्क कर लोगों को तंबाकू, शराब एवं अन्य नशों के दुष्परिणामों से अवगत करा रहे हैं तथा व्यसन त्यागने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
अभियान का समापन 31 मई “विश्व तंबाकू निषेध दिवस” के अवसर पर जिला स्तरीय जन जागरण यात्रा के रूप में होगा। स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ बड़वानी से भव्य रैली एवं व्यसन मुक्ति मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिजन, युवा, मातृशक्ति एवं नागरिकजन सहभागिता कर नशामुक्त समाज निर्माण का सामूहिक संकल्प लेंगे।
Share To:

Post A Comment: