धार~श्रीनारायण कथा पूजन के साथ प्रारंभ हुआ गढ़ कालिका माता मंदिर मेला ~~

आज से घर-घर प्रारंभ हुआ 9 दिवसीय देवी आराधना का पर्व, रात में हुए गरबे ~~


धार। 9 दिवसीय देवी आराधना का पर्व नवरात्र 26 सिंबर प्रारंभ हो गया है। शहर में करीब 25 से अधिक स्थानों पर सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समितियों द्वारा देवी प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रसिद्ध गढ़ कालिका माता मंदिर परिसर में 9 दिवसीय शारदेय नवरात्र मेला सोमवार से प्रारंभ हुआ। मेले का शुभारंभ श्री नारायण कथा से हुआ। इसके बाद नगरपालिका अध्यक्ष पर्वतसिंह चौहान, विधायक श्रीमती नीना वर्मा, नपा उपाध्यक्ष कालीचरण सोनवानिया, कलेक्टर डॉ पंकज जैन, एसपी आदित्य प्रतापसिंह, विधायक प्रतिनिधि शिव पटेल ने फीता काटकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान नपा सीएमओ निशिकांत शुक्ला सहित नपा के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे। 
काकड़ आरती से आराधना शुर 
घट स्थापना के साथ ही श्री गढ़ कालिका देवीजी मंदिर में प्रात: काकड़ा आरती के साथ मां दुर्गा की   आराधना का दौर शुरु हो गया, जो नौ दिनों तक चलेगा। सोमवार प्रात: से ही देवीजी के मंदिर में दर्शनार्थी पहुंच गए थे।  दूसरी और शहर में मातारानी की प्रतिमाओं की खरीदी-बिक्री भी हुई। शहर के अन्य दुर्गा माता के मंदिर भी पूरी तरह सजाए गए थे और इन मंदिरों में भी दर्शनार्थियों की भीड़ लगी रही। 
ढोल-ताशे से ले गए प्रतिमा 
ढोल-ताशे के साथ सार्वजनिक पांडालों में माता की प्रतिमा स्थापित की गई। शहर में अलग-अलग सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समितियों ने शोभायात्रा निकालकर माता की प्रतिमा को पांडालों में स्थापित किया। इस दौरान कई दुर्गा उत्सव समितियां प्रतिमा लेने के लिए गरबा ग्रुपों के साथ पहुंची थी। इस दौरान बाजार में चहल-पहल दिखाई दी। 
पांडालों में गरबों का दौर शुरु 
शहर में अनेक स्थानों पर सार्वजनिक रूप से गरबा पांडाल बनाए गए है। जिसमें घट स्थापना के साथ ही सोमवार शाम से गरबों का दौर शुरु हो गया है। इन स्थानों पर शहर की विभिन्न गरबा टीमें आती रही और गरबों का प्रदर्शन करती रही। यह प्रदर्शन देर रात तक चलता रहा।  न्यू लक्की चौराहा, पौ चौपाटी स्थित ज्वाला पैनल, हटवाड़ा, मायापुरी कॉलोनी, दौलत नगर, प्रकाश नगर, सरस्वती नगर, एलआईजी कॉलोनी, त्रिमूर्ति नगर, सिल्वर हिल, बसंत विहार कॉलोनी, ब्रह्माकुंडी, देवीजी प्रांगण में गरबे हुए।  
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 
मां गढ़ कालिका देवीजी दर्शन के लिए प्रतिदिन सैंकड़ो लोग यहां आएंगे। इस वर्ष भी सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने मेला प्रांगण में एक अस्थाई चौकी का निर्माण किया है, जहां से पूरे मेले में निगाह रखी जाएगी। मेले के अतिरिक्त शहर में भी अलग-अलग चौराहों पर पुलिस जवान तैनात है। गरबा पांडालों में पुलिस की विशेष व्यवस्था की गई है।  

Share To:

Post A Comment: